September 14, 2026
bihar

पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति की वार्षिक आम सभा शनिवार को पुराना कोर्ट स्थित पर्यटन सूचना केंद्र के सभागार में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता झारखंड के पूर्व भू-राजस्व मंत्री दुलाल भुइयां ने की।

सभा के प्रारंभ में ही वरीय उपाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने अध्यक्ष पद के लिए दुलाल भुइयां* एवं महासचिव पद के लिए ललन यादव* के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका सदन में उपस्थित 350 पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने करतल ध्वनि से समर्थन किया। इसके साथ ही दुलाल भुइयां लगातार तीसरी बार अध्यक्ष एवं ललन यादव महासचिव निर्वाचित हुए। तत्पश्चात महासचिव द्वारा नई कार्यकारिणी एवं पदाधिकारियों की सूची पढ़कर समिति के विस्तार की घोषणा की गई।

इस आम सभा में जिले के दो अनुमंडलों एवं 11 प्रखंडों के कोने-कोने से 350 से अधिक दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

लंबित लाइसेंस और कॉर्पोरेट सहयोग पर फोकस : दुलाल भुइयां

आम सभा को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष दुलाल भुइयां ने कहा कि समिति का मूल उद्देश्य शहरी के साथ-साथ सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले दुर्गा पूजा समारोहों को शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न कराना है। इस बार हमारा मुख्य फोकस लंबित अनुज्ञप्तियों को निर्गत करवाना रहेगा। इसके लिए टाटा स्टील सहित सभी सहयोगी कॉर्पोरेट संस्थाओं से पूजा को सुगम बनाने हेतु सहयोग का आग्रह किया जाएगा। प्रशासन से समन्वय के लिए 11 सदस्यीय कोर कमेटी का भी गठन किया गया है।

एक सप्ताह में मांग-पत्र जमा करें : ललन यादव

महासचिव ललन यादव ने पिछले कार्यकाल का ब्योरा प्रस्तुत करते हुए कहा कि विगत वर्ष बिजली, पेयजल, मैदान समतलीकरण जैसी समस्याओं का विभागीय समन्वय से समाधान कराया गया। इस बार भी मांग-पत्र में सभी ज्वलंत मुद्दों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने सभी समितियों से एक सप्ताह के भीतर अपनी मांगों की सूची केंद्रीय समिति को सौंपने का आग्रह किया।

सड़क, बिजली, विसर्जन घाट और प्रोत्साहन राशि पर जोर : आशीष गुप्ता

वरीय उपाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने कहा कि कई स्थानों पर सड़कों की स्थिति खराब है, वहां टाटा स्टील से स्लैग गिरवाने, पंडालों के सामने जर्जर बिजली तारों को दुरुस्त करने, चलंत बायो टॉयलेट, ग्रामीण क्षेत्रों के विसर्जन घाटों की मरम्मत, विसर्जन मार्ग के पेड़ों की छंटाई, विशेष महिला पुलिस बल की तैनाती, पंडाल से मेन रोड तक ग्रीन कॉरिडोर, निर्बाध बिजली, ट्रैफिक एवं अग्निशमन व्यवस्था जैसे मुद्दे जिला प्रशासन के समक्ष रखे जाएंगे। उन्होंने सभी समितियों से मेलों में नशाखोरी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की अपील की। साथ ही कहा कि बंगाल की तर्ज पर झारखंड में भी छोटी पूजा समितियों को सरकार से प्रोत्साहन राशि दिलाने के लिए समिति पुरजोर प्रयास करेगी।
बैठक को जिला परिषद सदस्य खगेन चंद्र महतो एवं बलदेव सिंह मेहरा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में स्वागत भाषण वरीय उपाध्यक्ष अधिवक्ता विनीता मिश्रा ने दिया, संचालन संयुक्त सचिव डॉ. श्याम शर्मा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष बिरेन्द्र सिंह ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *