November 2, 2026
image (1)

सकरा थाना क्षेत्र के मझौलिया में रविवार शाम छापेमारी करने गई उत्पाद विभाग की टीम को घेराव कर बंधक बना लिया गया।
हंगामा और अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। करीब आधे घंटे तक उत्पाद विभाग की टीम को घेरकर रखा गया। स्थिति अनियंत्रित की सूचना मिलने पर सकरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही कुछ उपद्रवी वहां से भाग निकले। पुलिस ने उत्पाद विभाग की टीम को वहां से सुरक्षित निकाला और थाना ले गए। इस दौरान मझौलिया के कुछ ग्रामीणों ने पुलिस के समक्ष अपनी बात रखी और बताया कि फर्जी सूचना देकर उत्पाद विभाग की टीम से छापेमारी करवाई जाती है। इससे आमलोग परेशान होते हैं।
जबकि शराब मिलती है न कोई धंधेबाज पकड़ा जाता है। थाना पहुंचने के बाद उत्पाद विभाग की ओर से लिखित शिकायत की गई है। उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश राम ने बताया कि शराब खरीद-बिक्री और स्टाक करने की सूचना मिलने पर टीम छापेमारी करने गई थी। हालांकि वहां से कुछ बरामद नहीं हुआ। इसी दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया था। थाना में इसकी शिकायत की गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। हंगामा और घेराव करने के दौरान उत्पाद विभाग के वाहन की चाबी भी निकाल ली गई। बताया गया कि संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया था। ग्रामीण इसी को लेकर आक्रोशित थे कि जब शराब मिला ही नहीं तो उसे हिरासत में क्यों लिया गया। ग्रामीणों के आक्रोश के कारण उक्त व्यक्ति को छोड़ना पड़ा। उत्पाद टीम की मानें तो जिस घर में शराब होने की सूचना मिली थी। वहां पहुंचने के बाद लोगों ने अंदर नहीं जाने दिया। सर्च वारंट लेकर आने की बात कहने लगे। इसी को लेकर विवाद हुआ था।
इसी वर्ष सितंबर में उत्पाद विभाग की टीम ने सकरा थाना के रूपनपट्टी में छापेमारी कर शराब धंधेबाज को पकड़ा था। उस दौरान भी उपद्रवियों ने टीम पर हमला कर धंधेबाज को छुड़ा लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *