July 31, 2026
politics

जमशेदपुर ट्रक एवं ट्रेलर ओनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने पश्चिम बंगाल के परिवहन एवं श्रम मंत्री अर्जुन सिंह से परिवहन भवन में मुलाकात कर पश्चिम बंगाल सीमा के चेकपोस्टों पर कथित रूप से वसूले जा रहे अतिरिक्त शुल्क और तथाकथित “डंडा टैक्स” को तत्काल समाप्त करने की मांग की। इस दौरान परिवहन विभाग के प्रधान सचिव डॉ. रवि इंदर सिंह भी मौजूद रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को सौंपे ज्ञापन में बताया कि वाहन मालिकों से प्रतिवर्ष ₹11,000 अतिरिक्त टैक्स, प्रति माह ₹1,200 मैकेनिकल टैक्स तथा वाहन के वजन (कांटा) के नाम पर प्रत्येक ट्रिप पर ₹238 की वसूली की जा रही है। संगठन का कहना है कि देश के अन्य राज्यों में इस प्रकार की व्यवस्था नहीं है, जिससे ट्रांसपोर्ट कारोबार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

मंत्री अर्जुन सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मामले पर शीघ्र विचार कर वाहन मालिकों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया। प्रधान सचिव ने भी इस विषय पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। प्रतिनिधिमंडल में एसोसिएशन के अध्यक्ष जसवीर सिंह, महामंत्री मनीष कुमार सिंह, संरक्षक सतबीर सिंह “सोमू” तथा विनीत सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *