July 18, 2026
rama

रणबीर कपूर अभिनीत बहुप्रतीक्षित पौराणिक फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के निर्माण में बनी इस मेगा बजट फिल्म के ट्रेलर को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से मंजूरी मिल गई है। अब फिल्म का ट्रेलर 24 जुलाई 2026 को रिलीज किया जाएगा।

सीबीएफसी ने ट्रेलर को ‘यू’ प्रमाणपत्र प्रदान किया है। बोर्ड की वेबसाइट के अनुसार, ट्रेलर का एक संस्करण 4 मिनट 15 सेकंड लंबा है, जबकि दूसरा 4 मिनट का है। दोनों प्रविष्टियां ‘रामायण 3डी’ के नाम से दर्ज हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि डिजिटल और सिनेमाघरों में इनमें से कौन-सा संस्करण जारी किया जाता है। आम तौर पर फिल्म ट्रेलरों की तुलना में इसकी अवधि अधिक होने से दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।

फिल्म का पहला टीजर पिछले वर्ष 3 जुलाई को जारी किया गया था, जबकि दूसरा टीजर इस वर्ष हनुमान जयंती के अवसर पर रिलीज हुआ, जिसमें रणबीर कपूर के भगवान श्रीराम के रूप की पहली झलक दिखाई गई थी। अब दर्शकों को फिल्म के ट्रेलर का इंतजार है, जिसमें फिल्म की कहानी और भव्यता की विस्तृत झलक देखने को मिलेगी।

दिवाली 2026 पर रिलीज होने वाली ‘रामायण: पार्ट 1’ में रणबीर कपूर के साथ साई पल्लवी, यश, सनी देओल, रवि दुबे और अरुण गोविल प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। बड़े पैमाने पर तैयार की जा रही इस फिल्म को भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *