June 13, 2026
JAMSEDHPUR

भारत स्काउट एंड गाइड, जिला जमशेदपुर की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को आम बागान स्थित जिला मुख्यालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से घाटशिला अनुमंडल निवासी युवा शिक्षाविद्, समाजसेवी एवं पूर्व स्काउट राजा कर्मकार को जिला मुख्यालय आयुक्त नियुक्त किया गया।
बैठक में उपस्थित जिला स्काउट के पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव का समर्थन किया। जिला संगठन आयुक्त नरेश कुमार ने नवनियुक्त जिला मुख्यालय आयुक्त राजा कर्मकार को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया व स्काउटिंग का प्रतीक स्कार्फ पहनाकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर नरेश कुमार ने राजा कर्मकार को उनके दायित्वों एवं कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जिला संगठन को नई दिशा और गति मिलेगी। कार्यक्रम का संचालन कब्स विंग के आयुक्त श्याम शर्मा ने किया।
बैठक में जिला सहायक सचिव ललन यादव, समाजसेवी एवं अधिवक्ता सुशील कुमार शर्मा समेत कई स्काउटर उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ललन यादव ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
जिला संगठन के पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि राजा कर्मकार के अनुभव और सामाजिक सक्रियता से स्काउट एवं गाइड गतिविधियों के विस्तार तथा युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *