July 25, 2026
image

बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में भोजपुर जिले के गड़हनी प्रखंड स्थित प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय के कार्यालय परिचारी शिवानंद कुमार सिंह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विशेष न्यायालय से तलाशी वारंट मिलने के बाद निगरानी की तीन टीमों ने 22 जुलाई को उनके भोजपुर स्थित आवास, घर और कार्यालय समेत तीन ठिकानों पर देर रात तक छापेमारी की।
निगरानी ब्यूरो की जांच में सामने आया है कि शिवानंद कुमार सिंह ने अपनी ज्ञात आय से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की है। इस मामले में उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार उनके पास मौजूद संपत्ति उनकी ज्ञात आय से 253.8 प्रतिशत अधिक पाई गई है। जांच के दौरान निगरानी टीम को शिवानंद कुमार सिंह और उनकी पत्नी चांदनी सिंह के नाम पर कुल 34 अचल संपत्तियां मिली हैं। इनकी अनुमानित कीमत 1.11 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। इसके अलावा करीब 17.24 लाख रुपये मूल्य के तीन वाहन और बैंक खातों में जमा नकद राशि का भी पता चला है। निगरानी ब्यूरो ने छापेमारी के दौरान तीन भूमि एग्रीमेंट, 15 जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज, 12 विक्रय डीड, एक मॉर्गेज डीड और पांच बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज बरामद किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *