August 18, 2026
image (1)

उचकागांव थाना क्षेत्र के अरना बाजार स्थित मस्जिद के इमाम शेख सफीक खान की हत्या के मामले में पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। इमाम का मोबाइल फोन और 1500 रुपये करीब पांच दिन पहले चोरी हुए थे। ग्रामीणों ने दो दिन पूर्व चोरी गया मोबाइल एक युवक से बरामद कर इमाम को सौंप दिया था। इसी मामले को लेकर सोमवार सुबह पंचायती होनी थी, लेकिन इससे पहले रविवार देर रात मस्जिद परिसर के टीन शेड वाले बरामदे में सो रहे इमाम की हत्या कर दी गई। पंचायती से पहले हत्या ने खड़े किए कई सवाल
पुलिस अब हत्या को मोबाइल चोरी की घटना से जोड़कर भी जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि नशे के आदी युवकों की भूमिका हो सकती है।
वहीं, इमाम के कुछ स्वजन ने मस्जिद कमेटी के कुछ सदस्यों पर उन्हें पद से हटाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। हालांकि स्थानीय ग्रामीणों ने इस आरोप को निराधार बताया है।
नशेड़ियों से लेकर मस्जिद कमेटी तक पर शक
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इमाम से किसी को कोई शिकायत नहीं थी। इसके बावजूद हत्या की घटना के बाद अलग-अलग पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस नशे के आदी युवकों के साथ-साथ मस्जिद कमेटी से जुड़े लोगों की भूमिका को भी जांच के दायरे में रख रही है। छह संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी
पुलिस ने मामले में करीब आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों की ओर से संदिग्धों से पूछताछ के साथ घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।जांच आगे बढ़ने के साथ हत्या के कारण और आरोपितों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। टावर लोकेशन और काल डिटेल से खुलेगा राज
घटना की रात मस्जिद और आसपास के क्षेत्र में सक्रिय मोबाइल टावरों की लोकेशन की जांच की जा रही है।
इसके साथ मृतक के काल डिटेल को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि तकनीकी साक्ष्यों से घटना की कड़ियां जोड़ने और हत्या की गुत्थी सुलझाने में मदद मिलेगी।
पत्नी की हालत बिगड़ी, निजी क्लिनिक में भर्ती
पति की हत्या की सूचना मिलने के बाद मृतक की पत्नी खोदैजा बेगम की हालत बिगड़ गई। उन्हें भोरे के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है।
शेख सफीक खान करीब डेढ़ वर्ष से अरना मस्जिद में इमाम के रूप में कार्यरत थे। विवाह के बाद वह पत्नी और बच्चों के साथ सिसई स्थित ससुराल में रहते थे।
परिवार में तीन बेटे और एक बेटी
शेख सफीक खान के तीन बेटे और एक बेटी हैं। बड़े बेटे कतर में काम करते हैं, जबकि मंझले बेटे सेना में कश्मीर में तैनात हैं।
छोटा बेटा बीएससी की पढ़ाई कर रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्य घर लौट रहे हैं। हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के साथ घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। मोबाइल चोरी और पंचायती की प्रस्तावित बैठक को भी जांच की अहम कड़ी माना जा रहा है। अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *