October 5, 2026
IMG-20261003-WA0024

आसनसोल दक्षिण की विधायक एवं राज्य की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने शनिवार को क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्रों और बर्नपुर के रामबांध स्थित कम्युनिटी सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों के विकास के साथ कम्युनिटी सेंटरों की व्यवस्था और राजस्व बढ़ाने को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं।
अग्निमित्रा पॉल ने बताया कि प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र के विकास पर करीब 21 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लक्ष्य के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया जाएगा। भोजन बनाने की व्यवस्था, गैस और ओवन रखने के लिए स्लैब, बिजली तथा बच्चों की पढ़ाई के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
रामबांध स्थित कम्युनिटी सेंटर के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि सेंटर में करीब 250 से 300 लोगों के बैठने की क्षमता है। इसे जल्द व्यवस्थित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आसनसोल दक्षिण क्षेत्र में बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर परिवार रहते हैं। ऐसे परिवारों के लिए शादी, अन्नप्राशन या श्राद्ध जैसे कार्यक्रमों में निजी पंडाल लगाना महंगा पड़ता है। ऐसे में कम्युनिटी सेंटर उनके लिए काफी उपयोगी साबित हो सकते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पहले कई कम्युनिटी सेंटरों की बुकिंग ऑफलाइन होती थी, जिससे निगम को मिलने वाले राजस्व को लेकर पारदर्शिता नहीं थी। अब कम्युनिटी सेंटरों की बुकिंग ऑनलाइन करने की व्यवस्था की जाएगी।
मंत्री ने बताया कि टाटा के साथ मिलकर एक डिजिटल राजस्व डैशबोर्ड तैयार किया जा रहा है। इसमें आसनसोल नगर निगम के विभिन्न स्रोतों से होने वाली आय की जानकारी एक ही जगह उपलब्ध होगी। इसमें बस स्टॉप, होर्डिंग, टैक्स, प्लानिंग सैंक्शन और कम्युनिटी सेंटरों से होने वाले राजस्व का विवरण शामिल किया जाएगा।
रामबांध कम्युनिटी सेंटर में टोटो चार्जिंग को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि टोटो चालकों के लिए अलग चार्जिंग स्टेशन की व्यवस्था की जाएगी, लेकिन निगम की संपत्ति और बिजली का इस्तेमाल इस तरह नहीं होना चाहिए, जिससे निगम को कोई राजस्व प्राप्त न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *