October 6, 2026
WhatsApp Image 2026-10-06 at 10.02.59 AM

टिमकेन इंडिया लिमिटेड के जमशेदपुर प्लांट के कर्मचारियों के लिए 2025-26 का वार्षिक बोनस समझौता सोमवार को कंपनी के कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रबंधन और टिमकेन वर्कर्स यूनियन के बीच हुआ। समझौते के तहत कर्मचारियों को 15.6 प्रतिशत वार्षिक बोनस मिलेगा। इसके तहत अधिकतम बोनस राशि 1.17 लाख रुपये, न्यूनतम 90 हजार रुपये और औसत बोनस राशि करीब 1.04 लाख रुपये होगी। बोनस की राशि 7 अक्टूबर को कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। इससे करीब 200 कर्मचारी लाभान्वित होंगे।

समझौते के अनुसार निर्धारित फार्मूले के आधार पर 2025-26 का बोनस 15.08 प्रतिशत बन रहा था। यूनियन के आग्रह पर प्रबंधन ने इसमें 0.52 प्रतिशत की वृद्धि करते हुए कुल 15.6 प्रतिशत बोनस देने पर सहमति जताई।बैठक में 2026-27 के वार्षिक बोनस के लिए भी नया फार्मूला तय किया गया। इसके तहत कंपनी के प्रॉफिट पर 10 प्रतिशत और प्लांट मेट्रिक्स पैरामीटर पर 10 प्रतिशत का प्रावधान रखा गया है। समझौते पर प्रबंधन की ओर से प्लांट जनरल मैनेजर हिमांशु मिश्रा, असिस्टेंट जनरल मैनेजर (ह्यूमन रिसोर्स) दिनेश सिंह, डिप्टी मैनेजर कंट्रोलर रौनक भाटिया, डिविजनल मैनेजर सप्लाई चेन मनीष वर्मा, डिविजनल मैनेजर क्वालिटी काली प्रसाद मोहंती तथा सीनियर मैनेजर मेंटेनेंस एंड प्रोजेक्ट आतनु राय समेत अन्य अधिकारियों ने हस्ताक्षर किए।

वहीं, टिमकेन वर्कर्स यूनियन की ओर से अध्यक्ष आस्तिक महतो, महामंत्री विजय यादव, डिप्टी प्रेसिडेंट रविंद्र प्रसाद व अनिल पांडे, उपाध्यक्ष पवन कुमार शर्मा, सुधीर कुमार राय, शुभाशीष प्रधान व वीरेंद्र प्रसाद, सहायक सचिव अरुण कुमार, कमलेश यादव, बबलू कर्मकार, आरके वर्मा तथा कोषाध्यक्ष अजय वोटिका ने हस्ताक्षर किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *