September 19, 2026
BIHAR

गो सम्मान आव्हान अभियान के तत्वावधान में गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने की मांग को लेकर रविवार को एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। अभियान के प्रतिनिधियों ने  राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री झारखंड के महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार तथा राज्य के मुख्यमंत्री  हेमन्त सोरेन के नाम संबोधित 5,13,738 नागरिकों के हस्ताक्षरों से युक्त 19,757 पृष्ठों का प्रार्थना-पत्र जिला उपायुक्त कार्यालय में सौंपा। गो सम्मान आव्हान अभियान द्वारा पिछले तीन महीनों से गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने के समर्थन में व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया गया था। इस अभियान के अंतर्गत 19,757 पृष्ठों पर कुल 5,13,738 लोगों के हस्ताक्षर एकत्र किए गए, जिन्हें आज औपचारिक रूप से प्रार्थना-पत्र के साथ जिला प्रशासन को सौंपा गया।

कार्यक्रम की शुरुआत टाटानगर गौशाला, जुगसलाई से निकली भव्य शोभायात्रा के साथ हुई। इसके पश्चात साकची स्थित बोधि मैदान में सभी श्रद्धालुओं एवं गोभक्तों का एकत्रीकरण हुआ। प्रातः 8:00 बजे से 9:15 बजे तक सैकड़ों की संख्या में उपस्थित गोभक्तों ने सामूहिक रूप से “श्रीराम जयराम जय-जय राम” विजय मंत्र का जाप किया। इसके उपरांत सभी गोभक्त शोभायात्रा के रूप में जिला उपायुक्त कार्यालय पहुँचे और हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना-पत्र प्रशासन को सौंपा। इस अवसर पर जिला प्रभारी विनय कुमार शर्मा, संभाग प्रभारी सुमित खंडेलवाल, जिला सहप्रभारी अनिल अग्रवाल, जुगसलाई प्रभारी रमेश कुमार सिंह, अनंत सरायवाला, संजय अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, विश्व हिन्दू परिषद से अरुण सिंह एवं विकास सिंह, गोरक्षणी से सुजीत साहू, कैलाश सर्वा, मनोज अग्रवाल, आयुष अग्रवाल नारी शक्ति से सीमा मूनका, डालिया भट्टाचार्य, अधिवक्ता रीतू झा, उमा शर्मा, अर्चना वरनवाल, छवि विश्वकर्मा, शीलू सिंह, सविता सिंह, पूनम सिंह, सीमा पांडे सहित सैकड़ों की संख्या में गोभक्त उपस्थित रहे।

गो सम्मान आव्हान अभियान के पदाधिकारियों ने कहा कि यह जनसमर्थन देशभर के नागरिकों की भावनाओं का प्रतीक है और उन्हें विश्वास है कि संबंधित संवैधानिक एवं शासन स्तर पर इस मांग पर सकारात्मक विचार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *