August 5, 2026
650

लग्जरी कार निर्माता कंपनी रेंज रोवर ने भारत में अपनी नई Range Rover SV Ultra को लॉन्च कर दिया है. इस अल्ट्रा-लक्जरी SUV की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹3.80 करोड़ रखी गई है. यह मॉडल रेंज रोवर लाइनअप का नया टॉप-स्पेक वेरिएंट है, जिसे इस साल की शुरुआत में पेश किया गया था. कंपनी ने इसमें शानदार परफॉर्मेंस के साथ कई प्रीमियम फीचर्स और डिजाइन अपडेट दिए हैं.

Range Rover SV Ultra में सिर्फ एक इंजन विकल्प मिलता है. इसमें 4.4 लीटर ट्विन-टर्बो पेट्रोल V8 इंजन दिया गया है, जो माइल्ड हाइब्रिड सिस्टम और ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) के साथ आता है. इंजन को 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जोड़ा गया है. कंपनी के अनुसार, यह SUV महज 4.9 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है, जबकि इसकी टॉप स्पीड 260 kmph है. परफॉर्मेंस को बेहतर बनाने के लिए इसमें एडैप्टिव सस्पेंशन, ऑल-व्हील स्टीयरिंग और कई ड्राइविंग मोड दिए गए हैं. इससे यह SUV लग्जरी के साथ-साथ स्पोर्टी ड्राइविंग अनुभव भी प्रदान करती है.

डिजाइन की बात करें तो Range Rover SV Ultra को खास टाइटन सिल्वर पेंट ऑप्शन के साथ पेश किया गया है. इसके एक्सटीरियर में सैटिन प्लेटिनम और सिल्वर क्रोम फिनिश वाले एलिमेंट्स दिए गए हैं, जिसमें फ्रंट ग्रिल, कंपनी लोगो, व्हील इंसर्ट और स्किड प्लेट्स शामिल हैं. SUV में 22-इंच के अलॉय व्हील्स मिलते हैं, जिनके हब पर खास रेंज रोवर लोगो दिया गया है.

इसके इंटीरियर को भी बेहद प्रीमियम बनाया गया है. केबिन में ऑर्किड व्हाइट और सिंडर ग्रे कलर स्कीम के साथ रतन पाम वुड विनियर और ग्लॉस व्हाइट सिरेमिक फिनिश का इस्तेमाल किया गया है. इसमें इल्यूमिनेटेड SV Ultra सील प्लेट्स भी मिलती हैं, जो इसके लग्जरी लुक को और बढ़ाती हैं.

SUV की सबसे खास सुविधाओं में नया इलेक्ट्रोस्टैटिक साउंड सिस्टम शामिल है. इसमें हेडरेस्ट, सीटबैक, हेडलाइनर और अन्य हिस्सों में लगाए गए 21 पतले फिल्म वाले स्पीकर्स के जरिए प्रीमियम ऑडियो अनुभव मिलता है. Range Rover SV Ultra उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर पेश की गई है, जो शानदार लग्जरी, अत्याधुनिक तकनीक और दमदार परफॉर्मेंस वाली SUV की तलाश में हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *