July 3, 2026
image (1)

थाना क्षेत्र अंतर्गत फैक्ट्री मोड़ के समीप मैदान में बुधवार की देर रात करीब 1:30 बजे पार्टी मना रहे दोस्तों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी।
देर रात अचानक हुई फायरिंग से आसपास के लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक की पहचान फतुहा के दरियापुर नया टोला निवासी श्रवण पासवान के पुत्र नवीन कुमार 28 वर्ष के रूप में की। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुटी रही। जानकारी के अनुसार, घटनास्थल के आसपास के समीप रहने वाले लोगों ने बताया कि गुरुवार की देर रात फैक्ट्री मोड़ के समीप दो-तीन युवक मैदान में पार्टी मना रहे थे। इसी दौरान दोस्तों के बीच कुछ बात को लेकर कहासुनी हुई। इसी दौरान एक दोस्त ने युवक नवीन कुमार को निशाना बनाकर गर्दन में गोली मार दी। गोली लगते ही युवक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद सभी बदमाश घटनास्थल से फरार हो गए। अचानक फायरिंग होने से आसपास के लोग दहशत में आ गए। कुछ ही देर बाद घटनास्थल पर दर्जनों लोग पहुंच गए और घायल युवक को इलाज के लिए फतुहा अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद गम्भीर हालत बताते हुए पीएमसीएच रेफर कर दिया। स्वजन युवक को पटना एक निजी अस्पताल भर्ती कराया, जहां इलाज के क्रम में कुछ देर बाद मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही पटना के ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार, डीएसपी अवधेश कुमार, थनाध्यक्ष श्रीसुमन्त सुमन दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन की। जांच के लिए एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और नमूना संग्रह किया।
हत्या का कारण अबतक स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। थनाध्यक्ष ने बताया कि स्वजन ने कोई लिखित शिकायत नहीं की और ना ही युवक का मोबाइल को थाने को सौंपा है।

पुलिस अपने स्तर से कार्रवाई में जुटी है। अबतक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। पुलिस आवेदन का इंतजार कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *