क्लासिक लीजेंड्स के तहत येज़्दी और बीएसए (BSA) ब्रांड्स ने पहली बार एक साथ आते हुए भारतीय बाजार में दो नई दमदार स्क्रैम्बलर मोटरसाइकिलें पेश की हैं। येज़्दी स्क्रैम्बलर ३५० और बीएसए स्क्रैम्बलर ६५० को आधुनिक दौर के उन राइडर्स के लिए डिजाइन किया गया है जो शहर की सड़कों पर सहजता, कच्चे रास्तों पर मजबूती और हाईवे पर रफ्तार का मिश्रण चाहते हैं। येज़्दी स्क्रैम्बलर ३५० को भारत की सबसे हल्की ३५०सीसी स्क्रैम्बलर के रूप में पेश किया गया है, जिसमें नया लिक्विड-कूल्ड इंजन ‘कटार’ लगा है। वहीं, बीएसए स्क्रैम्बलर ६५० प्रीमियम सेगमेंट में अपनी रफ-एंड-रियल पहचान के साथ बाइकिंग के अनुभव को और अधिक शानदार बनाने के लिए तैयार है।
क्लासिक लीजेंड्स के सह-संस्थापक अनुपम थरेजा ने इस लॉन्च पर कहा कि स्क्रैम्बलर मोटरसाइकिलें भारतीय बाइकिंग जगत में वही बदलाव लाएंगी जो कारों की दुनिया में एसयूवी ने लाया है। उन्होंने इन बाइक्स को “मोटरसाइकिल की एसयूवी” करार दिया, जो शहर में आत्मविश्वास से भरी राइड देने के साथ-साथ इतनी रग्ड हैं कि राइडर को वीकेंड पर ऑफ-रोडिंग के लिए भी प्रेरित करती हैं। अपने मूल डिजाइन और आधुनिक तकनीक के साथ ये दोनों ब्रांड अब प्रीमियम बाइकिंग सेगमेंट के बड़े हिस्से को कवर करने का लक्ष्य रख रहे हैं, जो आज के नौजवान राइडर्स की पसंद और जरूरतों को पूरा करेगा।
