October 12, 2026
image (7)

गोबरसही आरओबी का निर्माण कार्य पिछले करीब एक सप्ताह से रुका हुआ है।
निर्माण स्थल पर स्टील की कमी हो जाने के कारण एजेंसी को फिलहाल काम रोकना पड़ा है। अब एजेंसी जल्द से जल्द स्टील मंगवाने की कवायद में जुटी हुई है, जिसके बाद निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद है। पुल निर्माण विभाग के वरिष्ठ परियोजना अभियंता के अनुसार, स्टील की आपूर्ति शीघ्र होने की संभावना है। वर्तमान में वहां अन्य कार्य सुचारू रूप से चल रहे हैं।
साइट पर अभी ड्रिलिंग और सरिया बांधने का काम किया जा रहा है। स्टील मिलते ही पाइलिंग और पिलर का काम तेजी से शुरू कर दिया जाएगा। निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि काम किसी भी परिस्थिति में पूरी तरह बंद न रखा जाए। अन्य वैकल्पिक कार्य चालू रहने चाहिए ताकि अगले साल तक इस निर्माण कार्य को पूरा करने का लक्ष्य समय पर हासिल किया जा सके। भुगतान को लेकर कुछ समस्याएं जरूर सामने आई हैं, लेकिन एजेंसी ने काम नहीं रोका है। पुल निर्माण निगम ने मुख्यालय से पत्राचार कर शीघ्र राशि आवंटित करने की मांग की है ताकि काम पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। इस परियोजना को पूरा करने के लिए डुमरी क्षेत्र में आंशिक रूप से भूमि अधिग्रहण किया जाना है। पुल निर्माण निगम की ओर से जिला भू-अर्जन कार्यालय को इसकी अधियाचना सौंपी जा चुकी है।
इस प्रक्रिया में कुछ दुकानें भी प्रभावित हो सकती हैं। दरअसल, गोबरसही आरओबी के डिजाइन में कई बार फेरबदल किया गया था और अंत में लोगों की सुविधा व सुगम आवागमन को देखते हुए डुमरी की ओर भी रैंप बनाने की स्वीकृति दी गई, जिसके चलते यह आंशिक भूमि अधिग्रहण आवश्यक हो गया है। गौरतलब है कि गोबरसही आरओबी का निर्माण लगभग 168 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। यह पुल भगवानपुर से मझौलिया की ओर बनेगा, जिसमें एक रैंप सर्किट हाउस और दूसरा रैंप डुमरी रोड की तरफ होगा।

इससे चारों दिशाओं में आवागमन की बेहतरीन सुविधा मिलेगी। इस परियोजना के पूरा होने से हाजीपुर जाने के लिए डुमरी-सकरी का एक नया वैकल्पिक मार्ग मिलेगा और रामदयालु चौक पर ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *