August 4, 2026
301596.6

भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट संबंधों को लेकर हमेशा ही एशिया कप के आयोजन स्थल पर नजर रहती है। दोनों देशों की टीमें लंबे समय से एक-दूसरे के यहां जाकर नहीं खेलती हैं, ऐसे में टूर्नामेंट की मेजबानी को लेकर चर्चा बनी रहती है। इस बार महिला एशिया कप के आयोजन स्थल को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है।

क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला एशिया कप का आयोजन संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में किया जा सकता है। टूर्नामेंट 28 अगस्त से 13 सितंबर के बीच खेले जाने की संभावना है। हालांकि, एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, ACC ने अब तक टूर्नामेंट के शेड्यूल, तारीखों और वेन्यू का ऐलान नहीं किया है। इसकी वजह संगठन के शीर्ष नेतृत्व के फैसले का इंतजार बताया जा रहा है। वर्तमान में ACC के चेयरमैन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी हैं।

इस आठ टीमों वाले टूर्नामेंट में मौजूदा चैंपियन श्रीलंका के अलावा भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल, मलेशिया, थाईलैंड और मेजबान यूएई की टीमें हिस्सा लेंगी।

रिपोर्ट के मुताबिक, 22 जुलाई को सभी टीमों को भेजे गए ईमेल में टूर्नामेंट का लोगो साझा किया गया है। ACC ने बताया है कि वेन्यू को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही टीमों के 27 अगस्त तक पहुंचने की उम्मीद जताई गई है। सभी टीमें अंतिम शेड्यूल का इंतजार कर रही हैं ताकि यात्रा और अन्य तैयारियां समय पर की जा सकें।

अगर रिपोर्ट में बताई गई तारीखों के अनुसार ही टूर्नामेंट आयोजित होता है, तो भारतीय टीम के लिए शेड्यूल चुनौतीपूर्ण हो सकता है। दरअसल, 17 सितंबर से भारत को एशियन गेम्स में भी हिस्सा लेना है। ऐसे में अगर भारतीय टीम महिला एशिया कप के फाइनल तक पहुंचती है, तो उसे कुछ ही दिनों बाद एशियन गेम्स के लिए रवाना होना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *