मानगो डिमना रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर पार्किंग परिसर में जमशेदपुर ट्रक एवं ट्रेलर ओनर्स एसोसिएशन की ओर से 17 सितंबर को भव्य श्रीश्री विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया जाएगा। बुधवार को एसोसिएशन कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अध्यक्ष जसवीर सिंह एवं महामंत्री मनीष कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से पूजा कार्यक्रम की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को सुबह 10 बजे पूजा का शुभारंभ होगा। दोपहर एक बजे श्रद्धालुओं के बीच भोग का वितरण किया जाएगा। इसके बाद शाम सात बजे से अखंड रामायण पाठ शुरू होगा, जो 18 सितंबर की शाम तक चलेगा।
19 सितंबर को भक्ति संगीत कार्यक्रम
एसोसिएशन की ओर से 19 सितंबर को शाम सात बजे भक्ति संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें सुप्रसिद्ध भक्ति संगीत गायिका शहनाज अख्तर अपनी प्रस्तुति देंगी। आयोजकों ने शहरवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच भोग का वितरण भी किया जाएगा।
20 सितंबर को निकलेगी झांकी, होगा मूर्ति विसर्जन
20 सितंबर को दोपहर तीन बजे ट्रांसपोर्ट नगर कार्यालय परिसर से आकर्षक झांकी के साथ विश्वकर्मा प्रतिमा विसर्जन के लिए शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद स्वर्णरेखा नदी में विधि-विधान से प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोषाध्यक्ष रंजीत सिंह के अलावा बिट्टू तिवारी, प्रदीप शर्मा, अमित, मनीष ओझा, अभय सिंह, पिंटू यादव, विनीत यादव, मनोज सिंह, संजय सिंह, जसवीर सिंह सोनी, तपस्या सिंह, शंकर दयाल सिंह समेत एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद थे।
