April 27, 2026
WhatsApp Image 2026-04-25 at 8.22.25 AM (1)

मुंडन संस्कार के लिए आए एक परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब गंगा स्नान के दौरान एक ही परिवार के तीन सदस्य नदी में डूब गए। घटना नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत रंगरा थाना क्षेत्र के झल्लूदास टोला स्थित गंगा घाट की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मधेपुरा जिले के चौसा भटगामा से एक परिवार मुंडन संस्कार के लिए गंगा घाट पहुंचा था।

इसी दौरान परिवार के एक युवक और दो युवतियां गंगा में स्नान करने गईं। स्नान के दौरान अचानक पैर फिसलने से तीनों गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे। घाट पर मौजूद परिजनों ने शोर मचाते हुए स्थानीय लोगों को सूचना दी। मौके पर मौजूद गोताखोरों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया, वहीं घटना की सूचना मिलते ही रंगरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने परिजनों से जानकारी लेकर स्थानीय गोताखोरों को खोजबीन में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही एसडीआरएफ टीम को भी सूचना दे दी गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, डूबने वालों में सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं। इनमें मोनी कुमारी (फूआ), गौरव कुमार (12 वर्ष, पिता कुमोद कुमार) और साक्षी कुमारी शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि गौरव और साक्षी भाई-बहन हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। समाचार लिखे जाने तक तीनों की तलाश जारी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *