May 8, 2026
PRESIDENTT

‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह समेत अनेक केंद्रीय मंत्रियों और राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भारतीय सशस्त्र बलों के साहस, शौर्य और पराक्रम को नमन करते हुए इसे आतंकवाद के खिलाफ भारत की निर्णायक कार्रवाई और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति अटूट संकल्प का प्रतीक बताया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ आतंकवाद तथा भारत की संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा को चुनौती देने वाली शक्तियों के खिलाफ देश के अडिग संकल्प का प्रमाण है। इस मिशन की असाधारण सफलता भारतीय सशस्त्र बलों के अद्वितीय साहस और दृढ़ संकल्प को दर्शाती है। पहलगाम में हुए क्रूर हमले का जवाब “उचित और अनुकरणीय सटीकता” के साथ दिया गया तथा भारत अपने दुश्मनों को करारा जवाब देने के लिए सदैव तैयार है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को भारतीय सेना के असाधारण शौर्य का प्रतीक बताते हुए जवानों और अधिकारियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि यह आतंकवाद के विरुद्ध भारत का साहसिक और सक्रिय प्रतिशोध था, जिसने दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया कि भारत आतंक के हर स्वरूप के खिलाफ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने स्वदेशी तकनीक और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को भी इस अभियान की बड़ी उपलब्धि बताया।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारत का एक युगांतरकारी मिशन है, जो दुश्मनों को भारतीय सशस्त्र बलों की अचूक मारक क्षमता की याद दिलाता रहेगा। इतिहास इस दिन को भारतीय सेना की सटीक कार्रवाई, खुफिया एजेंसियों की सूक्ष्म रणनीति और दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति के रूप में याद रखेगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान दुश्मनों के लिए स्पष्ट संदेश है कि वे कहीं भी छिप जाएं, भारत की नजर और प्रहार से बच नहीं सकते।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सशस्त्र बलों ने अपनी वीरता का प्रदर्शन किया और लोगों पर हमला करने वालों को कड़ा जवाब दिया। प्रत्येक भारतीय को हमारी सशस्त्र सेनाओं पर गर्व है।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम को नमन किया।

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारत की निर्णायक इच्छाशक्ति, सामरिक क्षमता और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया कि वह अपने नागरिकों के खिलाफ षड्यंत्र करने वालों को करारा जवाब देता है। यह अभियान केवल सैन्य शक्ति का प्रदर्शन नहीं, बल्कि “सिंदूर” के सामर्थ्य और नारी शक्ति का भी प्रतीक बना।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ 145 करोड़ भारतीयों की एकजुटता, अदम्य इच्छाशक्ति और सशस्त्र सेनाओं के असाधारण पराक्रम की गौरवशाली अभिव्यक्ति है। उन्होंने इसे “नए भारत” के आत्मविश्वास, साहस और निर्णायक नेतृत्व का सशक्त प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि भारत अपनी सुरक्षा, संप्रभुता और सम्मान से कोई समझौता नहीं करता।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने ऑपरेशन सिंदूर की प्रथम वर्षगांठ पर वीर जवानों की अदम्य वीरता, अटूट संकल्प और अप्रतिम शौर्य को शत-शत नमन करते हुए कहा कि यह अभियान राष्ट्र की सुरक्षा, सम्मान और संप्रभुता के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को भारतीय सेना के शौर्य और साहस का गौरवशाली अध्याय बताते हुए उन सभी पराक्रमी योद्धाओं का वंदन किया, जिन्होंने देश की आन-बान-शान को अक्षुण्ण बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

केंद्रीय मंत्रियों और राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने इस अवसर पर भारतीय सेना की वीरता, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *