शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देश के पूर्व राष्ट्रपति और भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन किया। उन्होंने प्रदेश के सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को शिक्षक दिवस की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए जोहार कहा।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि झारखंड सरकार शिक्षा व्यवस्था को सशक्त और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। शिक्षा के क्षेत्र में हर स्तर पर सामने आ रही कमियों को दूर करते हुए सुधार की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षा देने के तरीके भी बदल रहे हैं। ऐसे में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) समेत नई तकनीकों का उपयोग शिक्षण को आसान, प्रभावी और विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने में मदद कर सकता है।
हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक तकनीक के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, मूल्यों और जड़ों से जोड़े रखना भी सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने शिक्षक दिवस पर सभी शिक्षकों के योगदान को नमन करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं और जोहार कहा।
