भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी के जवानों ने मंगलवार की दोपहर तस्करी की नीयत से भारत से नेपाल की ओर ले जाए जा रहे 195 लीटर डीजल को जब्त किया है।
इस दौरान एक अज्ञात तस्कर आरोपी भौगोलिक क्षेत्र का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। एसएसबी द्वारा की गई इस कार्रवाई में तस्करी में प्रयुक्त नेपाली बाइक को भी जब्त कर लिया गया है। यह कार्रवाई सीमा पर तैनात एसएसबी 52वीं वाहिनी ई कंपनी मजरख के जवानों द्वारा बॉर्डर पिलर संख्या 164/2 के समीप से की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एएसआई मो सदरे आलम के नेतृत्व में जब सात से आठ अन्य एसएसबी के जवान मंगलवार को सीमा पर गश्ती दे रहे थे, तभी उन लोगों कि नजर सीमा पिलर संख्या 162/2 के समीप पड़ी। जहां पर कोई अज्ञात व्यक्ति द्वारा जवानों के नजर से बचकर 6 प्लास्टिक कंटेनर में कुल 195 लीटर डीजल को सीमा पर लाकर रखा जा रहा था।
एसएसबी जवानों पर नजर पड़ते ही बाइक सवार बाइक को छोड़कर नेपाल की तरफ भाग निकला। जिसके बाद जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी डीजल से भरे कंटेनर को जब्त कर लिया।
जबकि जवानों को आता देख अज्ञात तस्कर अंधेरे और खुली सीमा का फायदा उठाकर भाग खड़ा हुआ। जब्त डीजल व बाइक की जब्ती सूची बनाकर फारबिसगंज कस्टम के हवाले कर दी गई है।
