July 22, 2026
WhatsApp Image 2026-07-22 at 10.24.35 AM

सुपौल जिले के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (SSB) को बड़ी सफलता मिली है. 45वीं बटालियन के कटैया बॉर्डर आउट पोस्ट (BOP) के जवानों ने कार्रवाई करते हुए 152.7 लीटर नेपाली देशी शराब बरामद की है. इस दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन को जब्त किया गया और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. दोनों गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज होने की बात भी सामने आई है.
एसएसबी की इस कार्रवाई को सीमा पार से होने वाली शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. बरामद शराब, वाहन और अन्य सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भीमनगर थाना पुलिस को सौंप दिया गया है. एसएसबी 45वीं बटालियन के अनुसार यह कार्रवाई भारत-नेपाल सीमा पर बॉर्डर पिलर संख्या 207/6 के पास की गई. जवानों ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा.
एसएसबी और भीमनगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में वाहन का पीछा कर उसे रोक लिया गया. तलाशी के दौरान वाहन से 152.7 लीटर नेपाली देशी शराब बरामद हुई.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भीमनगर वार्ड संख्या 12 निवासी चंदन कुमार यादव और अभिनंदन कुमार के रूप में हुई है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे फिलहाल जमानत पर बाहर थे. पुलिस अब इस मामले में उनकी भूमिका और शराब तस्करी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है. एसएसबी ने कार्रवाई के दौरान शराब के अलावा स्कॉर्पियो वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर BR11PG4476), मोबाइल फोन और वॉकी-टॉकी भी जब्त किया है.
सभी जब्त सामान और दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए भीमनगर थाना के हवाले कर दिया गया है. इस अभियान में एसएसबी के सहायक उप निरीक्षक सतपाल, मुख्य आरक्षी महेंद्र प्रताप तथा भीमनगर थाना के सब इंस्पेक्टर त्रिलोकी नाथ प्रसाद समेत अन्य जवान शामिल थे.
संयुक्त अभियान के कारण तस्करों को भागने का मौका नहीं मिला और पूरी कार्रवाई सफलतापूर्वक पूरी की गई.
एसएसबी 45वीं बटालियन, वीरपुर के कमांडेंट ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर शराब और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि बॉर्डर पिलर संख्या 207/6 के पास संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया था. चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. सीमा क्षेत्र में आगे भी इसी तरह सघन जांच और निगरानी जारी रहेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *