राजधानी पटना में अपराधियों का तांडव जारी है. ताजा मामला फतुहा थानाक्षेत्र के नॉन कोऑपरेटिव कॉलोनी का है, जहां दिनदहाड़े हथियार बंद अपराधियों ने एक घर में घुसकर डकैती की घटना को अंजाम दिया है. हथियारबंद अपराधियों ने घर में घुसकर परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बना लिया और हथियार का भय दिखाकर डकैती की घटना को अंजाम दिया. इस दौरान अपराधियों ने घर मे रखे 20 हजार नगद रुपए समेत 6 से 7 लाख के आभूषण लूट लिए. घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार होने में सफल हो गए. पीड़ित गृह स्वामी द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की छानबीन में जुटी है. घटना के संबंध में पूछे जाने पर पीड़ित गृह स्वामी अशोक कुमार सिंह की पत्नी उषा देवी और पुत्र मनीष कुमार ने बताया कि अपराधी 6 की संख्या में थे और सभी हथियार से लैस थे. उन्होंने बताया कि सभी अपराधियों ने अपने चेहरे पर नकाब लगा रखी थी और लूटपाट का विरोध करने पर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट भी की. पीड़ित की माने तो सभी अपराधियों की उम्र 20 से 22 वर्ष के आसपास थी. पूरे मामले पर पूछे जाने पर मौके पर मौजूद पुलिस ने अनुसंधान की बात दोहराते हुए वरीय अधिकारियों का हवाला दे.इस संबंध में कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से सीधे तौर पर इंकार कर दिया है. फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी को लेकर आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालने में जुटी है. दिनदहाड़े हुई डकैती की इस घटना से आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई है.
