April 17, 2026
WhatsApp Image 2026-04-15 at 8.29.19 AM

सम्राट चौधरी बुधवार 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। पटना स्थित लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कई वीवीआईपी और स्थानीय नेता शिरकत करेंगे। इस दौरान लोकभवन, सीएम आवास और आसपास सुरक्षा बलों की नौ कंपनियां तैनात की गई हैं। साथ ही एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिये गए हैं।वहीं, शपथ ग्रहण में आने-जाने वाले के लिए इलाके में ट्रैफिक पुलिस के पदाधिकारी और कर्मी भी मौजूद रहेंगे। प्रतिबंधित एरिया में कोई अवांछित तत्व प्रवेश ना कर सके, इसके लिए जबरदस्त बैरिकेडिंग की गई है। सम्राट चौधरी बुधवार को लोक भवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जेनरल (सेवानिवृत्त) सय्यद अता हसनैन उन्हें शपथ दिलाएंगे। वहीं, भाजपा और जदयू सहित एनडीए के बाकी सहयोगी दलों के नेता मौजूद रहेंगे। इस दौरान दिल्ली व अन्य राज्यों से कई वीवीआईपी का आगमन पटना में होगा। उनकी सुरक्षा को लेकर पटना एयरपोर्ट, लोकभवन सहित आसपास के इलाके में पुलिस की भारी तैनाती कर दी गई है। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त है। प्रतिबंधित इलाके में पुलिस को सामान्य लोगों को नहीं जाने देने के निर्देश दिये गए हैं। मुख्यमंत्री आवास के अलावा एयरपोर्ट से लोकभवन आने-जाने वाले रास्ते पर भी भारी संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं आईजी जीतेंद्र राणा, डीएम त्यागराजन एसएम और एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
नई सरकार के गठन को लेकर सोमवार की खासी गहमागहमी रही। इस दौरान भाजपा कार्यालय केंद्र में रहा। नेताओं और वीवीआईपी का मूवमेंट लगातार हो रहा है। सुरक्षा को लेकर एक अणे मार्ग, देश रत्न मार्ग, सर्कुलर रोड से लेकर चिड़ियाघर गेट नंबर दो के आसपास जगह जगह बैरिकेडिंग की गई थी। वहीं, भाजपा कार्यालय के बाहर भी अतिरिक्त बलों की तैनाती के अलावा स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के कर्मियों को तैनात किया गया था। आवाजाही बढ़ते ही दोपहर में इनकम टैक्स गोलंबर, वीर चंद पटेल पथ और भाजपा कार्यालय के पास पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई। वहां कई डीएसपी और थाने के थानाध्यक्ष लगातार सुरक्षा पर नजर रख रहे थे। मौके पर श्वान दस्ता और बीसैप के जवान भी तैनात थे। पुलिसकर्मी चौकसी बरतते नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *