July 24, 2026
IMG_8921

भारतीय स्टेट बैंक की कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व इकाई एसबीआई फाउंडेशन ने ‘एसबीआई प्लेटिनम जुबली आशा स्कॉलरशिप-2026’ शुरू करने की घोषणा की है. एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यह छात्रवृत्ति कार्यक्रम 2022 में एसबीआई की ‘प्लेटिनम जुबली’ के अवसर पर शुरू किया गया था. वर्ष 2026 संस्करण के तहत देशभर के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 25,707 मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी. इस कार्यक्रम के तहत पात्रता के अनुसार ₹15,000 से लेकर ₹15 लाख तक की वार्षिक वित्तीय सहायता दी जाएगी, जो चयनित पाठ्यक्रम की अवधि तक निर्धारित नवीनीकरण शर्तों को पूरा करने पर जारी रहेगी.

यह छात्रवृत्ति कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों, एनआईआरएफ की शीर्ष 300 या एनएएसी ‘ए’ ग्रेड संस्थानों के स्नातक व स्नातकोत्तर विद्यार्थियों, एमबीबीएस छात्रों, आईआईटी और आईआईएम के विद्यार्थियों तथा क्यूएस विश्व विश्वविद्यालय रैंकिंग के शीर्ष 200 संस्थानों में विदेश में मास्टर डिग्री कर रहे छात्रों के लिए उपलब्ध होगी. एसबीआई के चेयरमैन सी एस शेट्टी ने कहा कि यह पहल आर्थिक स्थिति को देखे बिना मेधावी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने और ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य में योगदान देने के उद्देश्य से शुरू की गई है. इस स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 4 सितंबर, 2026 तय की गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *