टाटा स्टील की ओर से 11वीं जमशेदपुर हाफ मैराथन का आयोजन आगामी 29 नवंबर को किया जाएगा। इस बार मैराथन की थीम ‘रन फॉर द ग्रीनर टुमॉरो’ रखी गई है। इसके माध्यम से शहरवासियों को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के साथ पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा। आयोजन की सबसे खास पहल यह है कि प्रत्येक पंजीकृत प्रतिभागी के नाम पर एक पौधा लगाया जाएगा। इस वर्ष प्रतियोगिता के लिए कुल 9.18 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
टाटा स्टील ने गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मैराथन के 11वें संस्करण की घोषणा की। कंपनी ने शहर के नागरिकों, धावकों, रनिंग ग्रुप्स, शिक्षण संस्थानों, कॉरपोरेट संगठनों और परिवारों से बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की है। आयोजन का उद्देश्य खेल, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता को एक मंच पर लाना है।
हर प्रतिभागी के नाम पर लगेगा पौधा
इस बार मैराथन को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए प्रत्येक पंजीकृत धावक के नाम पर एक पौधा लगाने की योजना बनाई गई है। प्रतिभागियों को बाद में पौधरोपण स्थल पर जाकर अपने नाम से लगाए गए पौधे को देखने का अवसर भी मिलेगा। इस पहल के जरिए आयोजन के प्रभाव को केवल मैराथन के दिन तक सीमित रखने के बजाय लंबे समय तक पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने के उद्देश्य से इस बार आयोजन में बायोडिग्रेडेबल गिलासों का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा, पहले की तरह दो किलोमीटर की दौड़ भी आयोजित होगी। वहीं, पहली बार पांच किलोमीटर की दौड़ में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को भी पदक प्रदान किया जाएगा।
तीन श्रेणियों में होगी प्रतियोगिता
मैराथन के 11वें संस्करण में हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर और पांच किलोमीटर की दौड़ आयोजित की जाएगी। तीनों श्रेणियों में पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को उनके प्रदर्शन के आधार पर पुरस्कृत किया जाएगा।
हाफ मैराथन में पुरुष और महिला वर्ग के प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को एक-एक लाख रुपये दिए जाएंगे। दूसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को 75 हजार, तीसरे स्थान पर 51 हजार, चौथे स्थान पर 31 हजार और पांचवें स्थान पर आने वाले धावकों को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।
10 किलोमीटर दौड़ में प्रथम स्थान के लिए 51 हजार रुपये, दूसरे स्थान के लिए 41 हजार, तीसरे स्थान के लिए 31 हजार, चौथे स्थान के लिए 21 हजार और पांचवें स्थान के लिए 11 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं। वहीं, पांच किलोमीटर दौड़ में पहले स्थान पर रहने वाले धावकों को 10 हजार, दूसरे स्थान पर आठ हजार, तीसरे स्थान पर सात हजार, चौथे स्थान पर छह हजार और पांचवें स्थान पर पांच हजार रुपये दिए जाएंगे। ये पुरस्कार पुरुष और महिला, दोनों वर्गों के विजेताओं को मिलेंगे।
पिछले संस्करण में 4200 से अधिक धावकों ने लिया था हिस्सा
पिछले एक दशक में जमशेदपुर हाफ मैराथन शहर के प्रमुख खेल आयोजनों में अपनी पहचान बना चुकी है। इसके माध्यम से धावकों, फिटनेस प्रेमियों, परिवारों और शहर के नागरिकों को एक साथ जुड़ने का अवसर मिलता है। पिछले यानी 10वें संस्करण में 4200 से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया था। यह आंकड़ा शहर में दौड़ और फिटनेस से जुड़ी गतिविधियों के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाता है।
इस बार टीमों, रनिंग ग्रुप्स और दोस्तों को सामूहिक रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ग्रुप डिस्काउंट की सुविधा भी दी गई है। 15 नवंबर या उससे पहले पंजीकरण कराने वाले प्रतिभागियों को उनके नाम वाले विशेष रेस बिब उपलब्ध कराए जाएंगे।
खेलों से सामुदायिक विकास को मिलती है मजबूती : डीबी सुंदरा रामम
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट, कॉरपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदरा रामम ने कहा कि जमशेदपुर हाफ मैराथन अब स्वास्थ्य, सहनशक्ति और सामूहिक भावना का उत्सव बन चुका है। इसमें पूरा समुदाय भागीदारी करता है। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामुदायिक विकास, संपूर्ण स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन लोगों को सक्रिय और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूकता पैदा करते हैं।
खेलों को बढ़ावा देने की परंपरा को आगे बढ़ा रही टाटा स्टील
टाटा स्टील एक सदी से अधिक समय से खेल सुविधाओं के विकास, खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने में योगदान देती रही है। कंपनी की इन पहलों ने जमशेदपुर को देश के प्रमुख खेल शहरों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कंपनी की ओर से भारत में टाटा स्टील वर्ल्ड 25K कोलकाता, नोआमुंडी रन-अ-थॉन और कपिलाश हाफ मैराथन सहित कई आयोजन किए जाते हैं। इसके अलावा ब्रिटेन और नीदरलैंड में भी विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों को फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
इस वर्ष आयोजन में आईएचसीएल हॉस्पिटैलिटी पार्टनर के रूप में जुड़ा है। टाटा स्टील ने मैराथन के लिए पंजीकरण शुरू होने के साथ ही शहरवासियों से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। कंपनी का मानना है कि यह आयोजन लोगों को खेल के माध्यम से जोड़ने के साथ हरित और स्वस्थ भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।
