आंधी के कारण सोमवार शाम करीब 6:30 बजे बगहा-वाल्मीकिनगर रेलखंड पर एक बड़ा हादसा हो गया। यहां स्थित रेलवे समपार संख्या-51 की गुमटी का बूम टूटकर सीधे ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) तार पर जा गिरा। इसके बाद सुरक्षा कारणों से रेलवे प्रशासन ने तत्काल इस मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी, जिससे रेल परिचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया। मार्ग बाधित होने के कारण ट्रेन संख्या 15001 राप्ती गंगा एक्सप्रेस बगहा रेलवे स्टेशन पर करीब डेढ़ घंटे तक खड़ी रही। इसके साथ ही कई अन्य ट्रेनें पनियहवा और कप्तानगंज स्टेशनों सहित बीच रास्ते में खड़ी रहीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा l रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त बूम को हटाने और ओएचई लाइन को सुरक्षित करने का मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। आरपीएफ प्रभारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए काम कराया जा रहा है। तकनीकी जांच और लाइन को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही रेल परिचालन दोबारा बहाल किया जाएगा।
इधर, सोमवार की शाम आई तेज आंधी और बारिश के दौरान रामनगर में भी एक दर्दनाक हादसा हुआ। प्रखंड के सिगड़ी-मुड़िला गांव निवासी एक युवक रामनगर-नरकटियागंज पथ में हीरो एजेंसी के समीप स्थित एक दुकान के पास मौजूद था, तभी अचानक दुकान का शेड और दीवार भरभराकर गिर गई। इसकी चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को इलाज के लिए तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल (सीएचसी) में भर्ती कराया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि घायल युवक की पहचान सिगड़ी-मुड़िला गांव निवासी सेतबान यादव के 18 वर्षीय पुत्र सचिन कुमार उर्फ पप्पू कुमार के रूप में हुई है। गहरे जख्म होने के कारण उसकी स्थिति लगातार नाजुक बनी हुई थी। अस्पताल में प्राथमिक उपचार किए जाने के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच रेफर कर दिया गया है।
