July 17, 2026
politics

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक  पूर्णिमा साहू ने जमशेदपुर व झारखंड वासियों को, विशेषकर बहनों को शुभकामनाएं देते हुए पर्व को पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भर भारत और स्थानीय कारीगरों के समर्थन से जोड़ने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि राखी केवल एक धागा नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास और सुरक्षा का पवित्र बंधन है। उन्होंने बहनों से आग्रह किया कि इस बार अपने हाथों से बनी पर्यावरण-अनुकूल राखियां तैयार करें अथवा स्थानीय कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की महिलाओं द्वारा निर्मित स्वदेशी राखियां ही खरीदें, ताकि स्थानीय परिवारों को आर्थिक संबल मिल सके।

विधायक ने ऑनलाइन माध्यम के बजाय डाक विभाग की स्पीड पोस्ट सेवा से राखी भेजने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे रिश्तों में अपनापन और भावनात्मक जुड़ाव बना रहता है। उन्होंने देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों को भी राखी भेजकर उनके प्रति सम्मान और स्नेह प्रकट करने की अपील की। पूर्णिमा साहू ने कहा कि बहन के हाथों का स्पर्श और भावनाएं ही राखी को विशेष बनाती हैं। उन्होंने सभी से इस रक्षाबंधन को स्वदेशी, पर्यावरण-अनुकूल और भावनात्मक रूप से यादगार बनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *