फेडरेशन ऑफ झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष कोल्हान विजय आनंद मूनका ने राज्य के मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन को पत्र के माध्यम से ध्यानाकृष्ट कराते हुए कहा है धालभूमगढ़ मे प्रस्तावित एयरपोर्ट का निर्माण शीघ्र हो जिसका नामकरण दिशोम गुरू शिबू सोरेन के नाम पर रखते हुए दिशोम गुरू दिवंगत शिबू सोरेन इंटरनेशनल एयरपोर्ट हो. यह झारखंड व कोल्हान वासियों के तरफ से दिशोम गुरू को यह सच्ची और सही मायने में श्रद्धांजलि होगी. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर को स्थापित हुए 100 वर्ष से अधिक हो चुके हैं. जमशेदपुर को झारखंड राज्य की आर्थिक राजधानी के साथ औद्योगिक नगरी भी कहलाती है, लेकिन फिर भी आज इसका समग्र विकास नहीं हो पाया है।
इसके लिए जरूरी है कि जमशेदपुर में एयरपोर्ट की स्थापना हो. यहां हजारों की संख्या बड़े, मध्यम व लघु उद्योग स्थापित है, लेकिन अब तक हवाई अड्डा का निर्माण नहीं हो पाया है, जिसके कारण यहां आने जाने वाले छात्र-छात्राओं को अपनी पढ़ाई के लिए, मरीजों को ईलाज के लिए आम जनता को हवाई यात्रा करने के लिए दूसरे शहर रांची या कोलकाता जाकर हवाई जहाज से जाना पड़ता, जो कि उनके लिए काफी परेशानी और समय की बर्बादी होने वाली स्थिति होती है. एयरपोर्ट की अनुपलब्धता के कारण जमशेदपुर एवं इसके आसपास के क्षेत्रों का विकास लगभग ठहर सा गया है। यहां एयरपोर्ट स्थापित होगा तो नये निवेश के रास्ते खुलेंगे. धालभूमगढ़ में प्रस्तावित एयरपोर्ट का शिलान्यास 2018-19 में हुआ था लेकिन अभी तक इस पर आगे और कुछ कार्रवाई नहीं हो पायी है।
उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन जैसे उर्जावान व राज्य के विकास के प्रति सोच रखने वाले मुख्यमंत्री के द्वारा जमशेदपुर या इसके आसपास एयरपोर्ट निर्माण के मुद्दे पर आगे आकर कार्य करने से इसके निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि यह राज्य की आर्थिक राजधानी के लिये एक वरदान साबित होगा जो विकसित झारखंड राज्य के लिये भी नई दशा और दिशा भी तय करेगा।
