पटना जंक्शन से खुलने वाली कई ट्रेनों में पानी की सुविधा ठप होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जनरल बोगियों के टॉयलेट और वॉश बेसिन में पानी नहीं होने से यात्रियों को गर्मी और असुविधा के बीच कठिन सफर करना पड़ रहा है.
जांच में सामने आया कि पटना से चलने वाली राज्यरानी एक्सप्रेस, पटना-थावे फास्ट पैसेंजर, पटना-सासाराम इंटरसिटी और ब्रह्मपुत्र मेल सहित कई ट्रेनों के जनरल कोच में पानी की समस्या है. कई बोगियों में नल की टोटी गायब है तो कहीं पानी की सप्लाई ही बंद है. पटना-जयनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस से दरभंगा जा रहे यात्री विमल कुमार ने बताया कि वे प्लेटफॉर्म नंबर 03 से ट्रेन में सवार हुए थे. यात्रा के दौरान जब वे टॉयलेट के लिए गए तो वहां पानी बिल्कुल नहीं था. उन्होंने बताया कि एक नहीं, बल्कि तीन से चार डिब्बों में जाकर भी उन्होंने देखा, लेकिन किसी भी कोच में पानी की सुविधा नहीं मिली. मजबूरी में उन्हें वापस अपनी सीट पर आकर बैठना पड़ा. पटना-समस्तीपुर-जयनगर ट्रेन के डी-2 कोच में सफर कर रहे एक यात्री ने बताया कि कोच में पानी की सुविधा तो दूर, वॉश बेसिन में नल की टोटी तक गायब थी. उन्होंने कहा कि जब वे शौचालय गए तो वहां भी नल की टोटी नहीं मिली. मजबूरी में यात्रियों को बोतलबंद पानी खरीदकर काम चलाना पड़ रहा था यात्री रत्नेश कुमार ने बताया कि वे बक्सर से पटना ब्रह्मपुत्र मेल के जनरल कोच में सफर कर रहे थे. उन्होंने कहा कि स्लीपर क्लास में तो किसी तरह कम प्रेशर से पानी आ रहा था, लेकिन जनरल कोच में पूरी तरह पानी की सप्लाई बंद थी. इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. जांच में यह भी सामने आया कि कई जनरल कोच जर्जर हालत में हैं. कहीं नल खराब है तो कहीं वॉटर सप्लाई सिस्टम काम नहीं कर रहा है. इससे यात्रियों को बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं. पटना जंक्शन पर वॉटरिंग के दौरान कई जगह लीकेज और खुले वॉल्व के कारण पानी बर्बाद होने की स्थिति भी देखी गई. प्लेटफॉर्म पर लगे नलों का गलत इस्तेमाल भी समस्या बढ़ा रहा है. रेलवे अधिकारियों ने कहा है कि जिन ट्रेनों में पानी की समस्या या खराबी पाई गई है, उन्हें जल्द दुरुस्त किया जाएगा। साथ ही वॉटर सप्लाई सिस्टम की जांच कर सुधार किया जाएगा.
