जमशेदपुर ग्रीन स्टील राउंड टेबल (जेजीएसआरटी-224) एवं जमशेदपुर ग्रीन स्टील लेडीज सर्किल (जेजीएसएलसी-123) की ओर से जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित दो दिवसीय भव्य बैडमिंटन टूर्नामेंट का सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से 250 से अधिक खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों और श्रेणियों में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट का आयोजन ईस्ट सिंहभूम बैडमिंटन एसोसिएशन के दिशा-निर्देशों के नॉकआउट प्रारूप में किया गया। प्रतियोगिता में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-19, पुरुष एवं महिला एकल, पुरुष एवं महिला युगल, मिक्स्ड डबल्स तथा 35 प्लस पुरुष युगल सहित कई स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि डिप्टी कमांडेंट मोहनिश कुमार रहे। वहीं, बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव प्रभाकर राव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य प्रायोजक राजेश कुमार पटेल को भी सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के विजेताओं में महिला एकल में अनुष्का कच्छप, महिला युगल में जल्पा पारिख एवं जसलीन कौर, पुरुष एकल में कीर्तन अग्रवाल, पुरुष युगल (ओपन) में कीर्तन एवं अनीश, पुरुष युगल (35+) में नजमुल एवं मुज़म्मिल तथा मिक्स्ड डबल्स में अनाहिता एवं वकास विजेता बने। विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र, आकर्षक उपहार एवं नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। सेमीफाइनलिस्ट एवं अन्य उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी कुल 53 हजार रुपये की पुरस्कार राशि, ट्रॉफी एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर JGSRT-224 के चेयरमैन विवेक नरेड़ी ने कहा कि 250 से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी यह साबित करती है कि जमशेदपुर में खेलों के प्रति युवाओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राउंड टेबल इंडिया भविष्य में भी खेल, शिक्षा और सामाजिक सेवा से जुड़े ऐसे आयोजन करता रहेगा। आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्देश्य केवल प्रतिस्पर्धा कराना नहीं, बल्कि युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना भी है। आयोजन में खिलाड़ियों, अभिभावकों, स्वयंसेवकों और प्रायोजकों की सक्रिय भागीदारी ने इसे शहर के प्रमुख बैडमिंटन आयोजनों में शामिल कर दिया।
