मागनो क्षेत्र में एकमात्र अंगीभूत इकाई, जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज से कला व विज्ञान संकाय को बंद स्थानांतरित किए जाने की खबर से क्षेत्र के छात्रों, अभिभावकों एवं आम जनता में गहरी चिंता और आक्रोश है. इस संबंध में कॉलेज प्रबंधन को एक ज्ञापन सौंपकर इस फैसले पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई। ज्ञापन के माध्यम से यह स्पष्ट किया गया कि मानगो क्षेत्र की बड़ी आबादी आर्थिक रूप से कमजोर, अल्पसंख्यक, दलित एवं आदिवासी समाज से आती है, जिनके लिए यह कॉलेज उच्च शिक्षा का सबसे महत्वपूर्ण केन्द्र है।
जेबा खान ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत होती है. मानगो के छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. यदि छात्रों के हितों की अनदेखी की गई, तो आगे व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मानगो क्षेत्र की यह एकमात्र अंगीभूत इकाई है, जहां कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय की पढ़ाई स्नातक स्तर से आगे तक उपलब्ध है।
यदि कला व विज्ञान संकाय को यहाँ से हटाया जाता है, तो हजारों छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित होगा और कई विद्यार्थी आर्थिक एवं सामाजिक कारणों से अपनी पढ़ाई बीच में छोडऩे को मजबूर हो जाएंगे. ऐसे में संकाय को बंद या स्थानांतरित करना शिक्षा के अधिकार पर सीधा असर डालेगा. उन्होंने दिए गए ज्ञापन के माध्यम से कोल्हान विश्वविद्यालय से भी मांग की गई है कि वह इस निर्णय पर पुनर्विचार करे और छात्रों के हितों को प्राथमिकता देते हुए कला एवं विज्ञान संकाय को यथावत जारी रखे।
