July 25, 2026
image

राजधानी पटना में पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाले एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया. पुनपुन थाना इलाके के केवड़ा ओपी में ग्रिल और वेल्डिंग की दुकान की पर पुलिस ने रेड मारी. जहां अवैध मिनी गन फैक्ट्री चलाई जा रही थी. पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. मौके से बड़ी मात्रा में तैयार और अर्धनिर्मित हथियार, बैरल, कारतूस और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनें बरामद की गईं. पुलिस के मुताबिक, 23-24 जुलाई की रात एसओजी/एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि केवड़ा गांव में अवैध हथियार बनाए जा रहे हैं. डीएसपी अबू सैफी मुर्तजा और शेख साबिर के नेतृत्व में आर्म्स सेल, चीता-06 और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान केवड़ा के रहने वाले सिद्धनाथ शर्मा और नालंदा के चिकसौरा निवासी ललन कुमार सिंह, जो फिलहाल केवड़ा में रह रहा था, को गिरफ्तार किया गया.
पुलिस ने मौके से एक तैयार देशी कट्टा, पांच अर्धनिर्मित कट्टे, 38 तैयार बैरल, दो राइफल के बैरल, .315 बोर की दो गोलियां और 7.65 बोर की 10 गोलियां बरामद कीं. इसके अलावा लेथ मशीन, वेल्डिंग मशीन, ड्रिल मशीन, कटर, जनरेटर, इलेक्ट्रिक मोटर, लोहे के रॉड, बैरल बनाने की नली समेत हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी जब्त किए गए. पुलिस ने एक बाइक और मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में लिया है. पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पटना और नालंदा जिले के अवैध हथियार तस्करों और निर्माताओं को लेथ मशीन से तैयार बैरल सप्लाई करते थे. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. डीएसपी मसौढ़ी-2 कन्हैया प्रसाद सिंह ने बताया कि बरामद सामान और गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए केवड़ा ओपी पुलिस को सौंप दिया गया है. साथ ही दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *