फेयर प्राइस शॉप डिलर्स एसोसिएशन, पूर्वी सिंहभूम जिला कमिटी ने मंगलवार को राज्य खाद्य निगम, रांची की निदेशक के जमशेदपुर आगमन पर उनका स्वागत किया तथा जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदारों की विभिन्न समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष मोहन साव पारस और महासचिव प्रमोद गुप्ता के नेतृत्व में एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने डीलरों के बकाया कमीशन का शीघ्र भुगतान, जुलाई माह के शेष खाद्यान्न की आपूर्ति तथा अगस्त माह का खाद्यान्न समय पर उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कई पीडीएस दुकानदारों को जुलाई माह का पूरा राशन अब तक प्राप्त नहीं हुआ है। इस पर निदेशक ने आश्वासन दिया कि जिन डीलरों को जुलाई का खाद्यान्न नहीं मिला है, उन्हें एक सप्ताह के भीतर आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाएगी। साथ ही डीएसडी को निर्देश दिया गया है कि अगस्त माह का खाद्यान्न 15 अगस्त तक सभी डीलरों तक एफसीआई से उपलब्ध करा दिया जाए। एसोसिएशन ने ज्ञापन में यह भी शिकायत दर्ज कराई कि एफसीआई से डीएसडी के माध्यम से भेजा जा रहा खाद्यान्न कई बार आवंटन के अनुरूप नहीं पहुंच रहा है। इसे देखते हुए सभी डीलरों से अपील की गई कि वे अपने-अपने दुकानों पर ही खाद्यान्न की तौल कर उसकी प्राप्ति सुनिश्चित करें।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जेएमएसी, मानगो नगर निगम क्षेत्र तथा गोलमुरी-सह-जुगसलाई प्रखंड के सैकड़ों डीलर उपस्थित थे। इस अवसर पर विनोद कुमार, नीरज सिंह, पप्पू कुमार, राकेश कुमार सिंह, कैलाश चंद्र अग्रवाल, मुरलीधर शर्मा, शिवा भाई, मो. दुलारे, मो. जाफर, मो. इरफान, मो. तनवीर, अमित कुमार सिंह, अभिषेक कुमार, जयप्रकाश पाठक, रमाशंकर सिंह, अरुण कुमार सहित कई अन्य सदस्य मौजूद रहे।
