August 8, 2026
STUDENTS

सीएसआईआर–राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल), जमशेदपुर में शुक्रवार को सीएसआईआर-जिज्ञासा पहल के तहत जेवियर इंग्लिश स्कूल के विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय छात्र भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ उन्हें अनुसंधान, नवाचार और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में करियर के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में विद्यालय के 66 विद्यार्थियों और तीन शिक्षकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत पंजीकरण के बाद सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी के उद्घाटन संबोधन से हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासु बनने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही संस्थान में चल रही विभिन्न अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में डॉ. के. गोपाला कृष्ण, वैज्ञानिक-जी एवं अध्यक्ष, आईएमडीसी प्रभाग ने विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने राष्ट्रीय विकास में सीएसआईआर-एनएमएल की भूमिका तथा धातुकर्म एवं सामग्री विज्ञान अनुसंधान के महत्व पर प्रकाश डाला।
इसके बाद डॉ. पी. श्रीदा, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं जिज्ञासा कार्यक्रम की सह-परियोजना प्रमुख ने सीएसआईआर-जिज्ञासा पहल पर प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विद्यालयी विद्यार्थियों को वैज्ञानिक संस्थानों से जोड़ना और उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सीएसआईआर-एनएमएल की विभिन्न अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और अनुसंधान सुविधाओं का भ्रमण किया। उन्होंने क्रीप अध्ययन, एडवांस्ड एनालिटिकल कैरेक्टराइजेशन, ई-कचरा पुनर्चक्रण और मेल्टिंग डेमोंस्ट्रेशन जैसी सुविधाओं को देखा। वैज्ञानिकों ने विद्यार्थियों को प्रयोगशाला में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों, प्रयोगात्मक तकनीकों, सतत प्रौद्योगिकी और सामग्री विज्ञान से जुड़े अनुसंधान की जानकारी दी।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को वैज्ञानिकों से सीधे संवाद करने और वास्तविक अनुसंधान गतिविधियों को करीब से समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे विज्ञान के प्रति रुचि और जिज्ञासा बढ़ाने वाला उपयोगी अनुभव बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *