जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी में कुलपति प्रो. डा. इला कुमार के मार्गदर्शन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीए 2026) के 100 दिवसीय काउंटडाउन कार्यक्रम का आयोजन बिष्टुपुर स्थित यूनिवर्सिटी परिसर में किया गया. यह कार्यक्रम इंडियन योग एसोसिएशन , झारखंड राज्य शाखा की ओर से अपनी सहयोगी संस्था ग्रामीण उपकार संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जो आयुष मंत्रालय, भारत सरकार से संचालित है. यह दिन इस काउंटडाउन श्रृंखला का 69वां दिन रहा।
प्रथम चरण में सुबह 7 से 8 बजे तक विश्वविद्यालय के बिष्टुपुर कैम्पस में योगासन, प्राणायाम व ध्यान का सामूहिक अभ्यास किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राओं, शिक्षकों व कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय शामिल हुए. इस मौके पर उन्होंने कहा कि योग का कार्य है जोडऩा है। योग का महत्व अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर है. उन्होंने कहा कि योग को अपने जीवन शैली का अंग बनाते हुए प्रतिदिन योग करें. दूसरे चरण में दोपहर तीन बजे बिष्टुपुर स्थित खरकई ऑडिटोरियम में योग पर आधारित एक दिवसीय जागरूकता सह कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस मौके पर छात्र कल्याण अधिष्ठाता व कुलसचिव डा. सलोमी कुजूर, मानविकी संकायाध्यक्ष डा. सुधीर कुमार साहू, खेल व संस्कृति विभाग के अध्यक्ष डा. सनातन दीप, झारखंड इंडियन योग एसोसिएशन के सचिव अमित कुमार, ग्रामीण उपकार संस्थान के प्रतिनिधि कालिदास तिवारी तथा पतंजलि योग समिति के अजय कुमार सहित विश्वविद्यालय के सभी पदाधिकारी, संकाय अध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी व एक हजार से अधिक छात्राओं ने भाग लिया।
