ऑपरेशन नीलकंठ के तहत वैशाली पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। नगर थाना पुलिस ने हाजीपुर रेलवे स्टेशन के बाहर से 22.728 किलो गांजा और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने नगर थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि सूचना मिली थी कि बिदुपुर थाना क्षेत्र के कुछ लोग त्रिपुरा के अगरतला से गुवाहाटी होते हुए ट्रेन के जरिए गांजा लाकर हाजीपुर और आसपास के इलाकों में सप्लाई करते हैं। इसके बाद सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। दंडाधिकारी, नगर थाना अध्यक्ष सिकंदर कुमार और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने हाजीपुर रेलवे स्टेशन के बाहर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। पुलिस को सूचना मिली कि तस्कर ट्रेन से गांजा लेकर आने वाले हैं। वैशाली पुलिस के दो जवान सिविल ड्रेस में बरौनी से ही तस्करों का पीछा करते हुए हाजीपुर पहुंचे। जैसे ही तस्कर ट्रेन से गांजा लेकर स्टेशन के बाहर निकले, पुलिस ने उन्हें घेरकर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि तस्कर हर शुक्रवार को गुवाहाटी से अगरतला जाते थे और मंगलवार को गांजा लेकर लौटते थे। वे गांजा ट्रेन के बाथरूम और अन्य जगहों पर छिपाकर लाते थे। तस्करों ने बताया कि वे चलती ट्रेन में सुनसान इलाकों में गांजा फेंककर अपने लाइनरों तक पहुंचाने का तरीका अपनाते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है। गिरफ्तार छह आरोपितों में पांच वैशाली जिले के बिदुपुर, राघोपुर और रूस्तमपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि एक पटना जिले के नदी थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
