टाटा स्टील के करीब 10 हजार कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित ग्रेड रिवीजन समझौते पर बुधवार को अंतिम मुहर लगने की संभावना है। मंगलवार देर रात तक कंपनी प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के शीर्ष पदाधिकारियों के बीच मैराथन वार्ता चली, जिसमें अधिकांश प्रमुख बिंदुओं पर सहमति बनने की जानकारी सामने आई है। अब कर्मचारियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अंतिम दौर की बातचीत में यूनियन नेतृत्व कर्मचारियों के लिए कितना अतिरिक्त लाभ सुनिश्चित कर पाता है।
सूत्रों के अनुसार ग्रेड रिवीजन के प्रमुख मुद्दों में एमजीबी (मिनिमम गारंटीड बेनिफिट), महंगाई भत्ता (डीए) और कर्मचारी पुत्रों की बहाली को लेकर प्रारंभिक सहमति बन चुकी है। हालांकि यूनियन नेतृत्व कंपनी के चीफ पीपुल ऑफिसर अतरई सान्याल तथा प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन के साथ अंतिम स्तर की बातचीत में इन लाभों को और बेहतर बनाने का प्रयास कर रहा है।
समझौते के बाद होगी कमेटी मीटिंग ग्रेड रिवीजन समझौते को अंतिम रूप दिए जाने के बाद एसएनटीआई सभागार में यूनियन की कमेटी मीटिंग आयोजित की जाएगी। इसकी सूचना सभी कमेटी सदस्यों को दे दी गई है। हालांकि बैठक का समय अभी आधिकारिक रूप से घोषित नहीं किया गया है, लेकिन यूनियन सूत्रों का कहना है कि समझौते के तुरंत बाद दूसरे सत्र में बैठक आयोजित कर कमेटी सदस्यों को समझौते के प्रमुख बिंदुओं की जानकारी दी जाएगी।
