वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र के जारंग रामपुर में सोमवार रात हथियार के बल पर बदमाशों ने एक स्वर्ण व्यवसायी से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन लूट लिए। घटना को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। जानकारी के अनुसार बेलसर थाना क्षेत्र के जारंग रामपुर निवासी जय मां रोहिणी आभूषण भंडार के संचालक स्वर्गीय गौरी शंकर साह के पुत्र राजकिशोर कुमार अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे।
सोमवार की रात कस्बा मिडिल स्कूल के समीप पहले से घात लगाए चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने हथियार का भय दिखाकर व्यवसायी से करीब 8 भर सोने के आभूषण, 1 किलो से अधिक चांदी के जेवरात और मोबाइल फोन लूट लिया।
वारदात के बाद पीड़ित व्यवसायी ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही लालगंज सर्किल इंस्पेक्टर और बेलसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इस घटना से क्षेत्र के व्यवसायियों में भय और नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने थाना क्षेत्र में गश्ती तेज करने की मांग की है।
