July 29, 2026
school

बिष्टुपुर स्थित नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल (एनएचईएस) ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए अपने परिसर में 150 केडब्ल्यूपी क्षमता वाले सोलर पावर प्लांट की स्थापना की है। यह परियोजना स्कूल की ग्रीन बिल्डिंग पहल का हिस्सा है, जिसका सफलतापूर्वक कमीशनिंग पिछले सप्ताह किया गया। विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर स्कूल के अध्यक्ष नकुल कामानी ने इस सोलर प्लांट को जमशेदपुरवासियों को समर्पित किया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य, यूनिवर्सल एनर्जी (यूनिवर्सल एनरटेक प्रा. लि. का एक प्रभाग) के निदेशक दमन दास तथा ग्रीन बिल्डिंग पहल का संचालन करने वाले नलिन गोयल उपस्थित थे।

अत्याधुनिक टॉपकॉन तकनीक और वारी (Waaree) के उच्च दक्षता वाले सोलर पैनलों से सुसज्जित यह प्लांट जमशेदपुर के बड़े सोलर संयंत्रों में शामिल है। इसके माध्यम से प्रतिवर्ष लगभग 3,375 टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आएगी, जो लगभग 3,835 पेड़ों के संरक्षण के बराबर पर्यावरणीय लाभ प्रदान करेगी। स्कूल के अध्यक्ष नकुल कामानी ने कहा कि शिक्षा केवल कक्षा तक सीमित नहीं है। नवीकरणीय ऊर्जा को अपनाकर स्कूल न केवल अपने कार्बन फुटप्रिंट को कम कर रहा है, बल्कि विद्यार्थियों और अभिभावकों के सामने पर्यावरणीय जिम्मेदारी का व्यवहारिक उदाहरण भी प्रस्तुत कर रहा है। इस अवसर पर विद्यालय में पौधारोपण अभियान भी चलाया गया। कक्षा छह के विद्यार्थियों ने औषधीय पौधे लगाए, जबकि कक्षा 12 के छात्रों ने विभिन्न प्रकार के पौधों और वृक्षों का रोपण कर हरित वातावरण बनाने का संदेश दिया।

यह सोलर प्लांट टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (टीएसयूआईएसएल) की नेट मीटरिंग योजना के तहत संचालित होगा। इसके तहत अतिरिक्त उत्पादित बिजली ग्रिड में भेजी जाएगी और उसकी समायोजन स्कूल की बिजली खपत के साथ किया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस परियोजना के माध्यम से एनएचईएस ने नवाचार, स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर साबित किया है। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को सतत विकास और स्वच्छ ऊर्जा के प्रति जागरूक कर जिम्मेदार वैश्विक नागरिक बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *