May 11, 2026
image

भागलपुर के तातारपुर थाना क्षेत्र के सराय मोहल्ले में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां कपड़े की डिलीवरी देने पहुंचे एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बरारी निवासी वरुण प्रताप सिंह के रूप में हुई है। वह Messo कंपनी के लिए डिलीवरी ब्वाय के रूप में कार्यरत था। जानकारी के अनुसार वरुण प्रताप सिंह शनिवार को बाइक पर कपड़ों का बड़ा बैग लेकर सराय मोहल्ला में डिलीवरी देने पहुंचे थे। वे समय पर ऑर्डर डिलीवर करने के लिए नियमित रूप से काम कर रहे थे। जैसे ही वह निर्धारित पते पर पहुंचे, उन्होंने बाइक सड़क किनारे खड़ी की और हेलमेट उतारना शुरू किया। इसी दौरान अचानक उन्हें तेज चक्कर आया और वे वहीं सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वरुण के गिरते ही आसपास मौजूद लोग तुरंत उनकी ओर दौड़े और उन्हें संभालने की कोशिश की। कुछ लोगों ने पानी भी पिलाने की कोशिश की, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। कुछ ही मिनटों में उनकी सांसें थम गईं। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर तातारपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की।

इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस हृदय गति रुकने से मौत की आशंका जता रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा।
पुलिस ने मृतक की बाइक और डिलीवरी बैग को सुरक्षा के दृष्टिकोण से तातारपुर थाना परिसर में सुरक्षित रखवा दिया है। अधिकारियों के अनुसार, सभी सामान परिजनों को आवश्यक औपचारिकताओं के बाद सौंपे जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *