May 11, 2026
image (1)

भागलपुर-दुमका रेलखंड के मंदार हिल रेलवे स्टेशन के समीप रविवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मानसिक रूप से बीमार युवक रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच कुर्सी लगाकर बैठ गया। उसकी इस हरकत के कारण हंसडीहा की ओर जा रही कवि गुरु एक्सप्रेस करीब 20 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही। जानकारी के अनुसार, स्टेशन के समीप रेलवे क्रासिंग संख्या 33-सी पर तैनात प्वाइंट्समैन ने ट्रेन आने की सूचना पर फाटक बंद कर दिया था। इसी दौरान शहर के वंशीपुर निवासी एक युवक अचानक ट्रैक पर पहुंच गया और रेलवे पटरी के बीच कुर्सी लगाकर बैठ गया। ट्रेन क्रासिंग से कुछ दूरी पर मंदार हिल स्टेशन पर रोक दी गई। रेलवे कर्मियों और स्थानीय लोगों ने युवक को समझाकर हटाने का प्रयास किया, लेकिन वह हटने के बजाय हंगामा करने लगा। घटना की सूचना स्टेशन मास्टर को दी गई, जिसके बाद आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने युवक को जबरन ट्रैक से हटाया। इसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
हालांकि हंगामे के दौरान पुलिस युवक को हिरासत में ले पाती, इससे पहले ही वह मौके से चकमा देकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *