April 20, 2026
image (1)

हरनौत थाना क्षेत्र के लोहरा स्थित मुसहरी टोला निवासी श्रवण तांती के पुत्र 13 वर्षीय सन्नी कुमार की दोनों आंखें फोड़ दी गई हैं।
चिकित्सक ने कह दिया है कि अब रोशनी नहीं लौटेगी। थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों से प्राथमिकी शनिवार को कराई गई थी।
घटना का कारण बच्चों के बीच विवाद में बड़ों को कूद पड़ना बताया गया। चाची, चाचा और चचेरी बहन को आरोपित किया गया है।
पुलिस ने आरोपित मनोज तांती को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि सन्नी कुमार गांव में सरकारी विद्यालय में 8वीं का छात्र है। उसके पिता किसी होटल में कामगार हैं।
सन्नी दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़ा है। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि दस दिन पूर्व सन्नी घर के बच्चों के साथ खेल रहा था।

उसी दौरान सन्नी ने कंक्रीट का टुकड़ा फेंका जो चचेरे भाई साहिल की आंख में लगी। पंचायत बैठी और उपचार का खर्च देने पर बात बनी। लेकिन रंजिश समाप्त नहीं हुई। 17 अप्रैल को सन्नी सो रहा था। अकेला सोते हुए पाकर इन लोगों ने सन्नी की जमकर पिटाई कर दी, जिससे दोनों आंखें गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।
स्वजन पुलिस को सूचना देकर जख्मी सन्नी को लेकर बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल पहुंचे। लेकिन हालात गंभीर देख उसे पटना रेफर कर दिया। स्वजन के अनुसार, पटना में चिकित्सक ने जबाव दे दिया कि आंख को ठीक नहीं किया जा सकता। इसके बाद स्वजन बालक को लेकर गांव लौट गए।
थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच कर जांच तेज कर दी और ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाकर शांत कराया। अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। एक पक्ष से चार और दूसरे पक्ष से छह लोगों को आरोपित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *