बिहार के औरंगाबाद जिले में सोमवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। बोधगया से वाराणसी जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक टूरिस्ट बस राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर ट्रेलर से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में आंध्र प्रदेश के तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। बेहद खौफनाक हादसा, 3 की मौत
जानकारी के अनुसार आंध्र प्रदेश के करीब 40 श्रद्धालु धार्मिक यात्रा पर निकले थे। सभी लोग बोधगया में दर्शन के बाद वाराणसी के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र में भेड़िया और देव मोड़ के बीच भवानी होटल के पास उनकी बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों के बीच फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। इस दुर्घटना में आंध्र प्रदेश के नेल्लूर जिले के रहने वाले 50 वर्षीय हजरतया, 43 वर्षीय फातमावती और 64 वर्षीय वेंकटेश की मौत हो गई। वहीं नरेंद्र रेड्डी, प्रसाद और सुभनमा समेत कई अन्य यात्री घायल हुए हैं। घायलों में 7 से 8 लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रेलर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।ओवरटेकिंग की वजह से हादसे का शक
ओवरटेक के दौरान हादसा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक एनएच-19 पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
