September 8, 2026
TATA

टाटा पिगमेंट्स परिसर स्थित इंद्रधनुष भवन में सोमवार को कर्मचारियों के वेतन संशोधन को लेकर प्रबंधन और यूनियन के बीच समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। समझौता सात वर्षों के लिए हुआ है, जो 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2031 तक प्रभावी रहेगा। खास बात यह है कि इस बार नए और पुराने दोनों ग्रेड के कर्मचारियों के लिए एक साथ वेतन समझौता किया गया है।

टाटा पिगमेंट्स में वेतन समझौता, कर्मचारियों के वेतन में 8,600 से 15 हजार रुपये तक बढ़ोतरी

समझौते के तहत कर्मचारियों के मासिक वेतन में अधिकतम करीब 8,600 रुपये से 15,000 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, अप्रैल 2024 से अगस्त 2026 तक का एरियर कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजा जाएगा। इस समझौते से टाटा पिगमेंट्स के करीब 95 कर्मचारी लाभान्वित होंगे। समझौते में कर्मचारियों के लिए 500 रुपये का एनपीएस कैश अलाउंस भी शामिल किया गया है। इसके अलावा परफॉर्मेंस लिंक्ड रिवार्ड (पीएलआर) स्कीम लागू की गई है, जिसके तहत कर्मचारियों को अधिकतम 550 रुपये तक का लाभ मिलेगा। इस राशि में अप्रैल 2027 में और बढ़ोतरी किए जाने का प्रावधान है।

ग्रेड स्ट्रक्चर में औसत इंक्रीमेंट रेट में 400 प्रतिशत की बढ़ोतरी

वेतन समझौते की एक प्रमुख विशेषता ग्रेड स्ट्रक्चर में औसत रेट ऑफ इंक्रीमेंट में करीब 400 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। यूनियन के अनुसार, टाटा पिगमेंट्स के इतिहास में पहली बार इस स्तर पर ग्रेड स्ट्रक्चर में बढ़ोतरी की गई है। समझौते पर प्रबंधन की ओर से टाटा पिगमेंट्स के प्रबंध निदेशक सरोज कुमार बनर्जी, मुख्य कारखाना प्रबंधक मानित कुमार, प्लांट हेड केएम महाराजा, प्रमुख वित्तीय अधिकारी दिनेश अग्रवाल, मुख्य मानव संसाधन पदाधिकारी अंकिता केविन नटाल, हेड एचआर अतुल कुमार शर्मा, चीफ ऑफ मार्केटिंग एंड सेल्स विजेन पटनायक, फाइनेंस एंड अकाउंट्स से हरेंद्र कुमार राय और एचआर ऑफिसर विवेक कुमार ने हस्ताक्षर किए। वहीं, यूनियन की ओर से अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, उपाध्यक्ष कुलबीर सिंह, सत्यानारायण राव, सह सचिव कमलेश कुमार शर्मा, अनिल प्रसाद, कोषाध्यक्ष भुनेश्वर राम  व पायो ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *