June 1, 2026
image (6)

थाना क्षेत्र के नासरीगंज बिस्कुट फैक्ट्री रोड स्थित तक्षशिला कालोनी के समीप रविवार देर रात बाइक सवार अपराधी ने एक गैस वेंडर की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रुन्नी सैदपुर के वनस्पति निवासी रामपुकार साव के पुत्र इंदल कुमार के रूप में की गई। अपराधियों ने इंदल साव (30) को तीन गोलियां मारीं। एक गोली सीने में, दूसरी पसली के पास तथा तीसरी बाएं हाथ के पंजे में लगी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी शिवम धाकड़, दानापुर थाना पुलिस तथा एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक मोबाइल फोन और गोली का एक खोखा बरामद किया।
मोबाइल के आधार पर मृतक की पहचान सीतामढ़ी जिले के रूनीसैदपुर थाना क्षेत्र के बनसपति गांव निवासी राम कुमार साव के पुत्र इंदल साव के रूप में हुई।
बताया जाता है कि इंदल साव दानापुर के गोला रोड स्थित बैंक कालोनी में अपने भाई के साथ रहता था और गैस सिलिंडर डिलीवरी का काम करता था। रविवार को इंदल अपने भाई के दुकान पर बैठा था। एक व्यक्ति आया और उसे बुलाकर अपने बाइक से ले गया। मृतक के भाई संजीत कुमार ने बताया कि उनका किराना दुकान है, जबकि इंदल गैस डिलीवरी का कार्य करता था। रात करीब नौ बजे वह दुकान के पास बैठा था। इसी दौरान उसका एक परिचित दोस्त बाइक से आया और उसे अपने साथ लेकर चला गया। घटना से करीब एक घंटे पहले उसकी फोन पर बातचीत भी हुई थी। इसके बाद उसकी हत्या की सूचना मिली।
प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश, आपसी विवाद अथवा अन्य कारणों को लेकर भी पड़ताल की जा रही है। एएसपी शिवम धाकड़ ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले में दानापुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *