जमुई कांड में पकड़े गए नंदन यादव और हरेराम पांडे की पुलिस अब कुंडली खंगाल रही है। पता चला है कि दोनों ही शराब और बालू तस्करी से जुड़े हुए थे। इस धंधे से दोनों ने मोटी कमाई भी की थी।
बिहार में जमुई शहर के नजदीक मड़वा पहाड़ी इलाके में अपने सहपाठी संग घूमने निकली नाबालिग छात्रा के साथ दरिंदगी और शर्मनाक और बेहद ही अश्लील हरकत का मुख्य आरोपी नंदन यादव और उसका साथी हरेराम यादव शराब की तस्करी और अवैध बालू खनन के धंधे में शामिल रहे हैं। इस कांड में पकड़े गए आरोपियों की कुंडली खंगाल रही पुलिस अब हर एक पहलुओं को देख रही है। पता चला है कि दोनों आरोपी टाउन थाना क्षेत्र के प्रतापपुर निवासी हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, छात्र-छात्रा से दरिंदगी के दौरान दोनों शराब के नशे में थे। पुलिस ने मंगलवार को उनके ही गांव (प्रतापपुर) के समीप मुठभेड़ के बाद दोनों को धर दबोचा। नंदन के पैर में गोली लगी है, जबकि हरेराम का पैर फ्रैक्चर है। दोनों अस्पताल में हैं। आरक्षी अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने दोनों आरोपियों के शराब और अवैध बालू के धंधे में शामिल होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि दोनों का अपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि कुंदर जाने वाले रास्ते से शराब का कारोबार चलता है। इसके अलावा प्रतापपुर घाट से इन दोनों का अवैध बालू का कारोबार चल रहा था। दोनों आरोपी ने शराब और अवैध बालू के कारोबार से इन दिनों अच्छा-खासा रुपया कमाया था।
जमुई-लखीसराय मार्ग पर 19 सितंबर को दसवीं के छात्र-छात्रा के साथ हुई बदसलूकी और मारपीट के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कांग्रेस भवन से कचहरी चौक स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल तक पहुंचे और बिहार के मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। कांग्रेस नेताओं ने घटना की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित कानून के तहत कठोर कार्रवाई की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवार को सुरक्षा और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छेड़खानी की घटना का पुरजोर विरोध किया। सरकार को कड़ी कार्रवाई की जाए। इसको लेकर प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, पुनीत सिंह पारिया, मनप्रीत सिंह, पवन मजीठिया, मोहम्मद ताविश, दिवाकर सिंह, सुबोध मंडल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और समाजसेवी मौजूद रहे। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने जमुई की घटना को घृणित अपराध बताया है। उन्होंने कहा कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी। सरकार ने इस मामले में तत्परता और पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई की है। पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसमें कठोरतम सजा का प्रावधान है। घटना में अलग-अलग स्तर पर जिन लोगों की भूमिका रही है, सभी के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। चाहे घटना को अंजाम देने वाले हों, वीडियो बनाने वाले हों या उसे वायरल करने वाले, सरकार उनपर सख्त कार्रवाई करेगी। जमुई की नाबालिग बच्ची के साथ घटित शर्मनाक एवं अत्यंत गंभीर घटना की जिला विधिज्ञ संघ, जमुई के अध्यक्ष सीताराम सिंह एवं महासचिव अमित कुमार ने संयुक्त रूप से कड़ी निंदा की है। अध्यक्ष एवं महासचिव ने कहा कि इस शर्मनाक घटना की जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है। नाबालिग बच्ची के साथ ऐसी घटना समाज की संवेदनशीलता को झकझोरने वाली है। पीडि़ता एवं उसके परिवार को न्याय दिलाना समाज और प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। नैतिक आधार पर पैरवी से दूरी अध्यक्ष सीताराम सिंह एवं महासचिव अमित कुमार ने कहा कि वे इस मामले में आरोपित अभियुक्तों की ओर से अधिवक्ता के रूप में पैरवी नहीं करेंगे। प्रशासन से तत्काल कार्रवाई एवं स्पीडी ट्रायल की मांग अध्यक्ष एवं महासचिव ने पुलिस एवं जिला प्रशासन से तत्काल एवं प्रभावी विधि-सम्मत कार्रवाई, निष्पक्ष जांच, आवश्यक साक्ष्यों के संरक्षण तथा पीडि़ता को आवश्यक सुरक्षा एवं कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मामले में स्पीडी ट्रायल माध्यम से शीघ्र न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि पीडि़ता और उसके परिवार को न्याय के लिए लंबे समय तक प्रतीक्षा न करनी पड़े। दोनों पदाधिकारियों ने कहा कि जिला विधिज्ञ संघ पीडि़ता को न्याय दिलाने के लिए विधि के दायरे में हर संभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। नाबालिक छात्रा से दरिंदगी मामले में एक आरोपी नंदन यादव को पुलिस ने पैर में गोली मारकर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया और दूसरे आरोपी हरेराम यादव को खदेड़कर पकड़ा। दोनों घायल आरोपियों को इलाज के लिए पुलिस सदर अस्पताल लाई। जैसे ही इसकी जानकारी शहरवासियों को हुई, सदर अस्पताल में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने दर्जनों पुलिसकर्मियों को सदर अस्पताल के बाहर तैनात कर दिया। ताकि किसी भी प्रकार की कोई गड़बड़ी न हो सके। साथ ही आस-पास के थाना को भी अलर्ट मोड पर रखा गया था ताकि भीड़ उग्र न होने पाए। पूरा सदर अस्पताल पुलिस छावनी में तब्दील रहा। एनकाउंटर होने के बाद आरोपी नंदन यादव को सबसे पहले इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। उसके लगभग आधे घंटे के बाद दूसरे आरोपी हरेराम यादव को भी इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। आरोपियों के सदर अस्पताल पहुंचने से पहले ही एसडीएम सदर सौरभ कुमार अस्पताल में पहुंच चुके थे। जैसे ही आरोपी नंदन यादव को सदर अस्पताल लाया गया वैसे ही सदर अस्पताल में डीएम भी पहुंचे। डीएम श्री नवीन वाहन से उतरकर सीधे इमरजेंसी कक्ष में पहुंचे। उनके बाद जमुई एसडीपीओ ने इमरजेंसी कक्ष में प्रवेश किया। साथ ही झाझा एसडीपीओ एवं जमुई बीडीओ व अन्य अधिकारी थे। नाबालिग छात्रा से बदसलूकी मामले में मंगलवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो फरार आरोपियों हरेराम और नंदन यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी टाउन थाना क्षेत्र के प्रतापपुर के निवासी हैं। एसपी विश्वजीत दयाल ने मंगलवार को प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि दोनों आरोपी अवैध शराब और बालू के धंधे में शामिल है। दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि कुन्दर जाने वाले रास्ते से शराब का अवैध धंधा जोर-शोर से चलता है और प्रतापपुर घाट से दोनों आरोपी बालू के अवैध कारोबार में भी लिप्त थे। दोनों आरोपियों ने शराब और बालू के अवैध कारोबार से अच्छी कमाई की है। घटना वाले दिन भी वे शराब के नशे में थे। ग्रामीणों के अनुसार हरेराम और नंदन यादव मनबढ़ प्रवृत्ति के हैं और आए दिन लोगों से मारपीट किया करते हैं। लखीसराय मुख्य मार्ग से सटा मड़वा पहाड़ का इलाका इस सनसनीखेज वारदात के बाद एक बार फिर सुर्खियों में है। स्थानीय लोगों के अनुसार सन्नाटा और पुलिस की लचर सुरक्षा व्यवस्था ही इस घटना का कारण बनी। सोनाय-मड़वा और कुंदर को जोड़ने वाली इस लिंक रोड पर दिन में भी आवाजाही कम रहती है। जमुई सदर थाने से मात्र 5 किलोमीटर की दूरी होने के बावजूद यहां पुलिस गश्त नदारद रहती है। इस स्थान पर बालू और शराब तस्करों का मनीअड्डा से मंझवे तक 24 घंटे दबदबा रहता है। शाम ढलते ही पहाड़ बदमाशों की शरणगाह बन जाता है। इस अवैध धंधे और अकूत कमाई ने असामाजिक तत्वों के हौसले इतने बुलंद कर दिए हैं कि दिनदहाड़े स्कूली छात्राओं से छेड़खानी जैसी घटनाएं भी आए दिन होती रहती हैं। छात्रा से बदसलूकी मामले को लेकर टाउन थाना प्रभारी पर कोई कार्रवाई नहीं होने के कारण शहर के लोगों में नाराजगी दिखी। लोगों का कहना था कि आए दिन टाउन थाना क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, लेकिन टाउन थाना प्रभारी इस बात से अनजान हैं। अगर टाउन थाना की पुलिस मड़वा पहाड़ क्षेत्र में गश्ती करती तो आज इस तरह की घटना सामने नहीं आती। लोगों ने यह भी कहा कि शहर के नीमारंग मोहल्ला में भी आठ साल की बच्ची हत्या मामले में टाउन थाना प्रभारी काफी सुस्त नजर आये थे। घटना के नौ दिन के बाद आरोपी की गिरफ्तारी हुई थी। शहरवासियों का कहना था कि अगर छात्रा से बदसलूकी मामले में चर्चित नहीं होता तो अभी तक टाउन थाना प्रभारी आरोपी को गिरफ्तार भी नहीं कर पाते। लोगों का कहना था कि इस मामले में कुछ कड़े फैसले लेने होंगे ताकि इस घटना की पुनरावृति ना हो सके।
