सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में टीएमएच के वरीय चिकित्सकों व चैम्बर सदस्यों के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। टीएमएच की महाप्रबंधक (मेडिकल सर्विसेस) डा. विनीता सिंह के नेतृत्व में 14 वरीय चिकित्सकों की टीम ने इसमें भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य शहर में उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता, मरीजों की सुविधा तथा टीएमएच की स्वास्थ्य सेवाओं पर विस्तृत चर्चा करना था।
स्वागत भाषण में चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि टीएमएच जैसा प्रतिष्ठित अस्पताल जमशेदपुर के लिए गर्व की बात है और यह पूरे राज्य के लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उम्मीद है। टाटा नाम से जुड़ाव के कारण मरीजों में अस्पताल के प्रति गहरा विश्वास है। उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए उपचार की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का संचालन मानद महासचिव पुनीत कांवटिया ने किया। उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल ‘गोल्डी’ ने विषय प्रवेश कराते हुए चैम्बर एवं सदस्यों की ओर से मरीजों की सुविधा से जुड़े सुझाव टीएमएच प्रबंधन के समक्ष रखे।
चैम्बर के प्रमुख सुझाव
- पार्किंग क्षेत्र से अस्पताल तक टोटो/ई-रिक्शा सेवा
- इमरजेंसी में प्रतीक्षा समय घटाने हेतु तेज प्रक्रिया एवं वरिष्ठ चिकित्सकों की उपलब्धता
- विजिटर पार्किंग की क्षमता में वृद्धि या बेहतर प्रबंधन
- जांच एवं निदान की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं त्वरित बनाना
- हृदय रोगियों एवं परिजनों के लिए अलग कार्डियक वेटिंग हॉल
- सभी वेटिंग एरिया में पर्याप्त पंखे एवं पेयजल की व्यवस्था
- आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक
- सभी प्रमुख चिकित्सा क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता
- गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी विभाग में डीएम स्तर के विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति
टीएमएच प्रबंधन का आश्वासन
डॉ. विनीता सिंह ने सभी मुद्दों का क्रमवार जवाब दिया। उन्होंने बताया कि पार्किंग से अस्पताल तक टोटो/ई-रिक्शा सेवा अगले तीन महीनों में शुरू करने का लक्ष्य है। इमरजेंसी विभाग में चिकित्सक पूरी सक्रियता एवं गंभीरता से कार्य करते हैं, फिर भी प्रतीक्षा समय कम करने के लिए चैम्बर के सुझावों को ध्यान में रखा जाएगा।
पार्किंग के संबंध में उन्होंने कहा कि अस्पताल में नए भवनों का निर्माण जारी है, जिनके पूरा होने पर विजिटर पार्किंग में सुधार होगा। वर्तमान में चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को भी पार्किंग की कठिनाई होती है और प्रबंधन इसके समाधान पर कार्य कर रहा है। जांच में लगने वाला समय घटाने के लिए नई हाई-पावर मशीन लगाने की दिशा में कार्य हो रहा है। हृदय रोगियों एवं उनके परिजनों के लिए अलग कार्डियक वेटिंग हॉल बनाने का भी आश्वासन दिया गया।
उन्होंने बताया कि वेटिंग एरिया में सेल्फ-सर्विस के लिए लगी छह वेंडिंग मशीनों की संख्या बढ़ाकर 15 की जाएगी तथा कैफेटेरिया निर्माण की भी योजना है। दवाइयों की उपलब्धता संबंधी शिकायतों की निगरानी की जा रही है और जल्द सुधार दिखेगा। प्रमुख चिकित्सा क्षेत्रों में सुपर-स्पेशलिस्ट चिकित्सक उपलब्ध हैं तथा अच्छे फिजिशियन की कमी भी दूर की जाएगी। गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी विभाग में वर्तमान में दो विशेषज्ञ चिकित्सक हैं, जिनकी संख्या भविष्य में बढ़ाई जाएगी।
आधुनिक सुविधाओं के विस्तार पर जोर
टीएमएच की ओर से एलईडी स्क्रीन पर प्रेजेंटेशन के माध्यम से अस्पताल की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने बताया कि ‘साथी’ ऐप के माध्यम से मरीज डॉक्टरों का अपॉइंटमेंट लेने के साथ-साथ अपनी जांच रिपोर्ट भी देख सकते हैं। प्रबंधन ने बताया कि जनवरी तक उपचार से जुड़ी आधुनिक मशीनों की संख्या और बढ़ाई जाएगी, ताकि जमशेदपुर ही नहीं, पूरे राज्य के लोगों को उच्चस्तरीय इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े।
पूर्व अध्यक्ष निर्मल काबरा ने बताया कि वे पिछले 12 महीनों से टीएमएच में इलाज करा रहे हैं। उन्होंने चिकित्सकों के सहज एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि इससे मरीजों में उपचार के प्रति सकारात्मक भावना पैदा होती है।
पूर्व अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि टीएमएच में ऐसी व्यवस्था विकसित होनी चाहिए, जिससे इलाज के लिए लाखों रुपये खर्च कर बाहर जाने वाले लोगों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर सुविधा मिल सके। इससे शहर का धन स्थानीय अर्थव्यवस्था में रहेगा और जमशेदपुर के विकास में योगदान देगा। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन किया। इस मौके पर उपाध्यक्ष अनिल मोदी, राजीव अग्रवाल, सचिव भरत मकानी, अंशुल रिंगसिया, विनोद शर्मा, पूर्व अध्यक्ष जी.आर. गोलछा, मनोज गोयल, नंदकिशोर अग्रवाल, सीए प्रतीक अग्रवाल, दीपक चेतानी, दिलीप अग्रवाल, सुनील जवनपुरिया, राहत हुसैन, बिमल बाकरेवाल, कमल मकाती, नवलकिशोर वर्णवाल, विजय रिंगसिया, मुकेश शर्मा, उमंग झुनझुनवाला, उमंग अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, अधिवक्ता पंकज झा, अधिवक्ता सतीश सिंह, राहुल चौधरी सहित बड़ी संख्या में चैम्बर सदस्य उपस्थित थे।
