October 23, 2026
BIHAR

सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) के करीब 50 पदाधिकारियों, कार्यसमिति सदस्यों एवं सदस्यों ने दो दिवसीय ओडिशा दौरे में आध्यात्मिकता, संगठनात्मक गतिविधियों, औद्योगिक अनुभव और व्यावसायिक सहयोग का संगम किया। दौरे के पहले दिन प्रतिनिधिमंडल ने पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद चैम्बर की नौवीं एग्जीक्यूटिव कमेटी मीटिंग आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न महत्वपूर्ण संगठनात्मक एवं व्यावसायिक मुद्दों पर चर्चा की गई। दौरे के दूसरे दिन प्रतिनिधिमंडल ने भुवनेश्वर के खुर्दा रोड स्थित वरुण बेवरेजेस के पेप्सी प्लांट का औद्योगिक भ्रमण किया। प्लांट हेड ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए पेय पदार्थों के निर्माण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। सदस्यों ने प्री-फॉर्म से बोतल तैयार करने, उसमें पेय पदार्थ भरने और पैकेजिंग तक की पूरी प्रक्रिया को करीब से देखा। प्रतिनिधिमंडल को बताया गया कि वर्ष 2024 में स्थापित इस प्लांट को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ प्लांट का पुरस्कार भी मिल चुका है।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने भुवनेश्वर के भगवान लिंगराज मंदिर में दर्शन किए। शाम को ओडिशा चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के साथ बैठक हुई। ओडिशा चैम्बर के अध्यक्ष डॉ. तपस पांडा एवं सचिव श्री पटनायक ने सिंहभूम चैम्बर के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। बैठक में दोनों राज्यों के व्यापार एवं उद्योग जगत के बीच सहयोग बढ़ाने और भविष्य में संयुक्त कार्यक्रम आयोजित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान IIM लखनऊ के डीन के साथ ऑनलाइन संवाद में प्रतिनिधिमंडल ने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ विषय पर अपने विचार एवं सुझाव साझा किए। इस चर्चा को सदस्यों ने महत्वपूर्ण बौद्धिक एवं नीतिगत अनुभव बताया। डॉ. तपस पांडा ने बताया कि फरवरी 2027 में भुवनेश्वर में माइनिंग फेयर एंड एक्सपो का आयोजन प्रस्तावित है। उन्होंने सिंहभूम चैम्बर को इसमें सहभागिता एवं सहयोग के लिए आमंत्रित किया और दोनों संस्थाओं के बीच संयुक्त रूप से कार्य करने का आग्रह किया।

चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि ओडिशा दौरा आध्यात्मिकता, संगठनात्मक कार्य, औद्योगिक अनुभव और व्यावसायिक सहयोग को एक साथ जोड़ने वाला रहा। उन्होंने कहा कि वरुण बेवरेजेस के प्लांट का भ्रमण सदस्यों के लिए ज्ञानवर्धक रहा और ओडिशा चैम्बर के साथ बैठक से दोनों राज्यों के व्यापार एवं उद्योग जगत के बीच सहयोग की नई संभावनाएं सामने आई हैं।महासचिव पुनीत कौंटिया ने कहा कि यह दौरा केवल यात्रा नहीं, बल्कि सीखने, जुड़ने और नए अवसर तलाशने का प्रयास था। उन्होंने कहा कि औद्योगिक भ्रमण, चैम्बर बैठक, मंदिर दर्शन और ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ जैसे राष्ट्रीय विषय पर चर्चा ने कार्यक्रम को व्यापक आयाम दिया। उन्होंने माइनिंग फेयर एंड एक्सपो में ओडिशा चैम्बर के साथ सहयोग के प्रस्ताव को दोनों संस्थाओं के मजबूत होते संबंधों का सकारात्मक संकेत बताया। दौरे में अध्यक्ष मानव केडिया, महासचिव पुनीत कौंटिया, उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल व हर्ष बांकरेवाल, सचिव भारत मकानी, अंशुल रिंगासिया, बिनोद शर्मा व सुरेश शर्मा, को-ऑप्टेड सदस्य नंद किशोर अग्रवाल, मनोज गोयल, प्रतीक अग्रवाल, अभिषेक सहित अन्य सदस्य शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *