उत्पाद विभाग ने टीम ने बेनीबाद थाना क्षेत्र के मोथनाजे गांव में छापेमारी कर भूसकौल से भूटान और पंजाब निर्मित 11 सौ लीटर (128 कार्टन) शराब जब्त की। मौके से धंधेबाज फरार हो गया।
उसे टीम के पहुंचने की भनक पहले ही लग गई थी। उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि फरार धंधेबाज की पहचान पप्पू राय के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध अभियोग दर्ज कर गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि गुप्त सूचना मिली थी दूसरे देश से शराब लाकर स्टाक किया गया है। इसी आधार पर टीम के साथ छापेमारी की गई। सटीक सूचना के आधार पर धंधेबाज के भूसाघर की तलाशी ली गई।
वहां पर भूसे की ढ़ेर में छुपाकर रखी गई शराब जब्त की गई। इसमें भूटान निर्मित पैब्लो प्रीमियम व्हीस्की और पंजाब निर्मित रायल स्टैग ब्रांड की शराब मिली।
भूटान की इसी ब्रांड की शराब पूर्व में भी पकड़ी गई थी। छानबीन में पता लगा कि धंधेबाज भूटान से शराब की खेप को बंगाल के रास्ते, पूर्णिया, दरभंगा होते हुए मुजफ्फरपुर तक लाया था।
इस शराब को डायलूट कर अधिक मात्रा में बनाकर बेचने की तैयारी थी। इससे पूर्व ही टीम ने छापेमारी कर कार्रवाई कर दी।
उत्पाद इंस्पेक्टर ने बताया कि फरार धंधेबाज के पूर्व का भी रिकार्ड खंगाला जा रहा है। स्थानीय थाना से संपर्क किया गया है। विदित हो कि पिछले माह अहियापुर के जमालाबाद में एक झोपड़ी में छापेमारी कर उत्पाद विभाग ने भूटान निर्मित इसी ब्रांड की शराब जब्त की थी। यह दूसरा मौका है जब भूटान की शराब जब्त की गई है।
