June 1, 2026
image (1)

भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र के अंधारी गांव में सोन नदी में डूबने से तीन दोस्तों की मौत हो गई। इस घटना में एक साथ तीन घरों के ‘चिराग’ बुझ गए। घटना को लेकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि अंधारी गांव के पांच दोस्त घर से सोन नदी में स्नान के लिए गए थे। पांचों दोस्त सोन नदी में नहा रहे थे। तभी सोन नदी में बने एक बड़े गड्ढे में एक दोस्त डूबने लगा। दोस्त को डूबता देख दूसरा दोस्त बचाने के लिए गया तो वह भी डूबने लगा। इसी तरह एक-एक कर सभी दोस्त डूबने लगे। इसमें तीन लोगों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दो दोस्त पंकज कुमार और प्रिंस कुमार किसी तरह तैर कर नदी से बाहर आए और शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल के पास जमा हो गई। लोगों ने नदी में डूबे तीनों लोगों को किसी तरह बाहर निकाला। इलाज के लिए ले जाते समय जाम में फंसे, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
घटना के संदर्भ में बताया जा रहा है कि सोन नदी के पानी से निकाल कर तीनों दोस्तों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन भीषण सड़क जाम के कारण गाड़ियां फंस गई। इस वजह से वो समय से अस्पताल नहीं पहुंच सके और रास्ते में ही तीनों की मौत हो गई। मृतक बच्चों की पहचान नीतीश कुमार पिता रणजीत राय, निखिल कुमार पिता राघवेंद्र राय और हर्षित कुमार पिता वीरेंद्र राय ग्राम अंधारी के रूप में की गई है।
आक्रोशित लोगों ने किया नासरीगंज सक्कडी हाईवे जाम
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर हंगामा किया। नाराज लोगों ने नासरीगंज सक्कडी हाईवे को जाम कर दिया और हंगामा करने लगे। ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध बालू खनन और विभाग की लापरवाही की वजह से सोन नदी में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। कई फीट सोन नदी गहरी हो गई है। इसके कारण यह घटना घटी है। लोगों का कहना था कि अगर नियमानुसार बालू की कटाई होती तो शायद यह हादसा नहीं होता है, लेकिन एक साथ तीन बच्चों की मौत में एक बार फिर से कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
वहीं चौरी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भिजवा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *